बच्चों में आधारभूत साक्षरता व गणन क्षमता बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन कर रहा है निरंतर प्रयास-एसीयूटी योगेश दिल्हौर
प्रोजेक्ट अक्षर के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले अध्यापकों को एसडीएम अंजलि श्रोत्रिय व एसीयूटी योगेश दिल्हौर ने किया सम्मानित


गोहाना(सोनीपत), 19 मार्च। एसीयूटी योगेश दिल्हौर(आई.ए.एस.) ने बताया कि जिला प्रशासन सोनीपत द्वारा निपुण हरियाणा मिशन के अंतर्गत बच्चों में आधारभूत साक्षरता एवं गणन क्षमता को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर ठोस एवं परिणामोन्मुखी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी दिशा में “प्रोजेक्ट अक्षर” शैक्षणिक अभियान एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में उभरकर सामने आया है, जिसका उद्देश्य प्राथमिक स्तर पर विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में गुणात्मक सुधार सुनिश्चित करना है।
उन्होंने बताया कि गुरूवार को कथूरा खंड के अंतर्गत आने वाले सभी राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा दूसरी के विद्यार्थियों का दूसरे चरण का व्यापक आकलन सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। इस आकलन में विद्यार्थियों की पढऩे, लिखने और गणितीय समझ की क्षमता को परखा गया। प्राप्त परिणामों के अनुसार खंड स्तर पर औसतन 63 प्रतिशत विद्यार्थी हिन्दी एवं गणित दोनों विषयों में निपुण पाए गए, जो शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार की दिशा में एक उत्साहजनक उपलब्धि है।
कार्यक्रम के दौरान एसडीएम अंजलि श्रोत्रिय व एसीयूटी योगेश दिल्हौर ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अध्यापकों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। यह सम्मान न केवल शिक्षकों के समर्पण को प्रोत्साहित करता है, बल्कि अन्य अध्यापकों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सभी मेंटर्स को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इन मेंटर्स ने शिक्षकों को निरंतर मार्गदर्शन, मॉनिटरिंग एवं सहयोग प्रदान करते हुए बच्चों के सीखने के स्तर को बेहतर बनाने में अहम योगदान दिया।
इस अवसर पर एसडीएम अंजलि श्रोत्रिय ने सभी विद्यालय प्रमुखों एवं अध्यापकगण को संबोधित करते हुए कहा कि आधारभूत शिक्षा किसी भी विद्यार्थी के उज्ज्वल भविष्य की नींव होती है। उन्होंने आगामी माह में होने वाले अगले आकलन के लिए सभी को प्रेरित किया तथा विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए विभिन्न रणनीतियों को भी साझा किया। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे बच्चों की व्यक्तिगत सीखने की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए शिक्षण पद्धति में नवाचार अपनाएं।
कार्यक्रम के दौरान यह भी निर्णय लिया गया कि “प्रोजेक्ट अक्षर” शैक्षणिक अभियान को एक डेटा-आधारित पायलट प्रोजेक्ट के रूप में आगे बढ़ाते हुए सोनीपत जिले के सभी खंडों में लागू किया जाएगा, ताकि प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाई जा सके और निपुण हरियाणा मिशन के लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से प्राप्त किया जा सके।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया खण्ड शिक्षा अधिकारी कथूरा लवल किशोर, खण्ड शिक्षा अधिकारी गोहाना राजेंद्र सांगवान, खण्ड शिक्षा अधिकारी मुण्डलाना राजकुमार सहित सभी बीआरपी (ब्लॉक रिसोर्स पर्सन) एवं एबीआरसी (असिस्टेंट ब्लॉक रिसोर्स कोऑर्डिनेटर) सहित अन्य गणमान्य अधिकारी एवं शिक्षाविद उपस्थित रहे।



