सोनीपत पुलिस का जागरूकता अभियान जारी, गवर्मेन्ट गर्ल्स कॉलेज गोहाना में छात्राओं को किया जागरूक

गोहाना / सोनीपत, 19 मार्च। पुलिस आयुक्त सोनीपत ममता सिंह (आईपीएस, ADGP) के कुशल मार्गदर्शन तथा पुलिस उपायुक्त गोहाना भारती डबास के कुशल नेतृत्व में सोनीपत पुलिस द्वारा महिलाओं एवं लड़कियों की सुरक्षा व जागरूकता हेतु अभियान लगातार जारी है।
इसी क्रम में आज गवर्मेन्ट गर्ल्स कॉलेज गोहाना में महिला थाना गोहाना प्रभारी निरीक्षक परमजीत कौर की टीम द्वारा एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं एवं अध्यापकों को विभिन्न कानूनी प्रावधानों और सुरक्षा सेवाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने छात्राओं को पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के बारे में विस्तार से बताते हुए बच्चों के अधिकारों, यौन शोषण से सुरक्षा तथा किसी भी घटना की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही डायल-112, ट्रिप मॉनिटरिंग सेवा तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 पर कॉल कर तुरंत पुलिस सहायता प्राप्त की जा सकती है। साथ ही ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने एवं सोशल मीडिया पर अजनबियों से सतर्क रहने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं एवं शिक्षकों ने पुलिस द्वारा दी गई जानकारी को उपयोगी बताते हुए ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों की सराहना की। सोनीपत पुलिस द्वारा आमजन, विशेषकर महिलाओं एवं बच्चों को सुरक्षा संबंधी विषयों पर जागरूक करने के लिए इस प्रकार के अभियान निरंतर चलाए जा रहे हैं।



