जल शक्ति जन भागीदारी अभियान को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
सभी विभागों को जेएसजेबी पोर्टल पर कार्यों की जानकारी समय पर अपलोड करने के दिए निर्देश

सोनीपत, 16 मार्च। जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे जल शक्ति जन भागीदारी अभियान के तहत अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन ने सोमवार को लघु सचिवालय में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर अभियान के अंतर्गत जिले में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा जल संरक्षण और भूजल पुनर्भरण से संबंधित गतिविधियों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जल संरक्षण से संबंधित सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं और गतिविधियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत जिले में विभिन्न विभागों द्वारा जो भी कार्य किए जा रहे हैं, उनका पूरा विवरण जल शक्ति जन भागीदारी (जेएसजेबी) पोर्टल पर समयबद्ध तरीके से अपलोड किया जाए, ताकि इन कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग और समीक्षा की जा सके।
उन्होंने कहा कि जल संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी जरूरत बन चुका है और इसके लिए प्रशासन के साथ-साथ आमजन की भागीदारी भी बेहद जरूरी है। इसलिए सभी विभागों को अपने स्तर पर जल संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देना चाहिए और लोगों को भी इस अभियान से जोडऩे का प्रयास करना चाहिए।
बैठक के दौरान अतिरिक्त उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वर्षा जल संचयन, तालाबों और जोहड़ों के पुनर्जीवन, नालों और जल स्रोतों की सफाई, भूजल स्तर को बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों तथा अन्य जल संरक्षण गतिविधियों को प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वित किया जाए। साथ ही इन सभी गतिविधियों की फोटो और रिपोर्ट भी पोर्टल पर अपलोड की जाए। ताकि अभियान को लेकर जिला का एक्शन प्लान तैयार किया जा सके।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि यदि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे तो जिले में जल संरक्षण के क्षेत्र में बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी विभाग पोर्टल पर जानकारी अपलोड करने में लापरवाही न बरते।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी सांझा की। इस मौके पर जल शक्ति मंत्रालय से सविता, जन अभियांत्रिकी विभाग से एक्सईएन गौतम कुमार, पंचायत विभाग से एक्सईएन कुलबीर फौगाट, सिंचाई विभाग से एक्सईएन विनोद कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



