प्रशासन से परिचय: लिटिल एंजेल व गोल्डन हर्रीएर स्कूल के बच्चों ने समझी सरकारी कार्यालयों की कार्यप्रणाली
समाधान शिविर, सरकारी कार्यालयों के अनुभव के साथ-साथ जेबीएम कंपनी का किया दौरा


सोनीपत, 16 फरवरी। प्रशासन से परिचय कार्यक्रम के तहत जिला के दो निजी स्कूलों के बच्चों को सरकारी कार्यप्रणाली समझने का अवसर दिया गया। सोमवार को लिटिल एंजेल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पटेल नगर व गोल्डन हर्रिएर स्कूल जाखौली के बच्चों ने सरकारी कार्यालयों की कार्यप्रणाली को समझा। उन्होंने समाधान शिविर में आमजन की समस्या का कैसे मौके पर समाधान किया जाता है, इसको देखा व समझा। इस दौरान बच्चों ने जेबीएम कंपनी मुरथल का दौरा भी किया।
उपमंडल अधिकारी सुभाष चंद्र ने इस मौके पर दोनों स्कूलों के बच्चों को समाधान शिविर के बारे में परिचित करवाया। उन्होंने बच्चों को बताया कि सप्ताह मे दो दिन आयोजित होने वाले समाधान शिविर में किस तरह मौके पर ही आमजन की समस्याओं का समाधान किया जाता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को शिविर का उद्देश्य व प्रक्रिया के बारे में विस्तार से अवगत करवाया।
लिटिल एंजेल सीनियर सेकेंडरी स्कूल से अवनी, आकृति, अक्षरा शर्मा, रिजूल व प्रणव चौधरी तथा गोल्डन हर्रिएर स्कूल जाखौली से शगुन, मानसी, राजदीप, राघव व मानस्वी का मार्गदर्शन प्रशासन से परिचय अभियान के नोडल अधिकारी डाॅ. अतर सिंह, ने किया।
इस अवसर पर उपमंड़ल अधिकारी सुभाष चंद्र, डीआरओ सुशील शर्मा व डीडीपीओ मनिष मलिक ने बच्चों को प्रशासनिक बैज पहनाकर उनका उत्साह बढ़ाया और उन्हें भविष्य में समाज सेवा के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अच्छे नागरिक बनने पर जोर देते हुए कहा कि जागरूक युवा ही एक जिम्मेदार और आदर्श समाज का निर्माण कर सकते हैं।

