एसएमडीए द्वारा खरखौदा, गांव सोहटी तथा हलालपुर की राजस्व भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कालोनियों व निर्माणों को किया गया ध्वस्त-डीटीपी नीलम शर्मा


सोनीपत,(अनिल जिंदल) 10 फरवरी। सोनीपत महानगर विकास प्राधिकरण(एसएमडीए) से जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) नीलम शर्मा ने बताया कि जिले में अवैध निर्माणों को प्रारंभिक चरण में ही ध्वस्त करने के लिए उपायुक्त सुशील सारवान के निर्देशानुसार प्रशासन द्वारा सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को एसएमडीए की टीम द्वारा खरखौदा, गांव सोहटी व हलालपुर की राजस्व संपदा में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों व निर्माणों पर कार्रवाई की गई।
इस दौरान खरखौदा में 05 अवैध रूप से निर्मित की गई 05 दुकानों व एक रेस्टोरेंट को ध्वस्त किया गया। इसके साथ ही गांव सोहटी में लगभग 7.5 एकड़ में विकसित की जा रही अवैध कालोनी में 10 लेबर क्वार्टर, 25 डीपीसी, 04 बाउंड्री वॉल, 250 मीटर में बने टाईल रोड व 1.5 एकड में बने कच्चे रास्तों तथा गांव हलालपुर में 03 दुकानों व 14 लेबर क्वार्टरों को ध्वस्त किया गया।
एसएमडीए डीटीपी नीलम शर्मा ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि अवैध कॉलोनियों में प्लॉट न खरीदें। ऐसी कॉलोनियों में सरकार द्वारा कोई भी मूलभूत सुविधा जैसे सडक, पानी, सीवरेज या बिजली प्रदान नहीं की जाती। इससे आपकी मेहनत की कमाई जोखिम में पड़ सकती है। उन्होंने कहा कि प्लॉट खरीदने से पूर्व यह सुनिश्चित करें कि संबंधित कॉलोनी नियमानुसार स्वीकृत है अथवा नहीं।
उन्होंने कहा कि नियंत्रित क्षेत्र में किसी भी तरह का निर्माण करने से पूर्व एसएमडीए के सीईओ से अनुमति लेना अनिवार्य है अन्यथा एसएमडीए द्वारा अवैध कालोनी के निर्माण को किसी भी समय नियंत्रित क्षेंत्र अधिनियम के प्रावधान में गिराया जा सकता है। उन्होंने बताया कि कोई भी नागरिक संबंधित जानकारी के लिए सोनीपत महानगर विकास प्राधिकरण कार्यालय, चौथा तल, काराधान विभाग, सेक्टर-12, सोनीपत में सम्पर्क कर सकता है।



