बसंत उत्सव में जैसे प्रकृति साक्षात् उतर आई धरा पर
मौसम की मस्ती, विविध फूलों की सुगंध-सजावट ने हजारों का मन मोहा


गुरुग्राम, 9 फरवरी । गुरु गोबिंद सिंह ट्राई सेंटेनरी यूनिवर्सिटी (एसजीटीयू) के कल्चरल ग्राउंड में आज फूलों की सुगंध व पुष्पों की मनमोहक सजावट ने हजारों छात्रों, अध्यापकों और प्रकृति के नैसर्गिक सौंदर्य के प्रशंसकों को बरबस अपनी ओर खींच लिया। सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक पूरा कल्चरल ग्राउंड मानो एक बड़े उद्यान के रूप में परिवर्तित रहा और कोई भी विजिटर विभिन्न आकार, सुगंध व मनोहारी सजावट की प्रशंसा किए बिना नहीं रह सका। फैकल्टी ऑफ एग्रीकल्चर की कुशल देखरेख में आयोजित बसंत उत्सव में ‘जॉय ऑफ लाइफ’ को सेलेब्रेट करने के लिए फ्लावर एग्जीबिशन, रंगोली कंपीटिशन, पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता, वेस्ट ऑफ आर्ट्स, फ्रूट कार्विंग, बसंत इंस्टाग्राम चैलेंज, बुके मेकिंग, क्रिएटिव स्टार, स्प्रिंग कॉस्ट्यूम्स वाक, बसंत ऋतु की मस्ती से संबंधित डांस एवं गायन, फ्लावर ग्रुप अरेंजमेंट, डांस इन द सर्कल तथा कई अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें छात्रों और अध्यापकों ने पूरे उत्साह व एनर्जी के साथ बढ़-चढ़कर भाग लिया।
अलवर के स्टॉल ने लूटी वाहवाही
एसजीटीयू के विशाल कल्चरल ग्राउंड में विविध फूल, वनस्पति, मिलेट(ज्वार, बाजरा, मूंग, मोठ जैसे मोटे अनाज), अचार, शहद, फार्म हाउस की ताजा सब्जियों, इंडोर डेकोरेटिव प्लांट आदि के स्टॉल्स पर खासी भीड़ उमड़ी लेकिन अलवर का पंडाल विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। नारी शक्ति और कौशल विकास की थीम पर आधारित इस स्टॉल ने युवा शक्ति को क्षमता निर्माण, स्वरोजगार, स्वावलंबन,शिक्षा, सामाजिक उत्थान, नारी सशक्तिकरण के
कई संदेश दिए। केंद्रीय पर्यावरण, वन मंत्री एवं अलवर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भूपेंद्र यादव के मार्गदर्शन में 2024 में स्थापित एनजीओ ‘वी शक्ति’ द्वारा लगाए गए अलवर मंडप ने बसंत उत्सव में स्किल डेवलपमेंट के साक्षात् प्रमाण दिखाते हुए राजस्थान की मिट्टी से जुड़े समृद्ध कल्चर की झलक पेश की।
बसंत उत्सव जैसे कार्यक्रमों में सक्रिय, सकारात्मक, प्रेरक भागीदारी के अलावा
‘वी शक्ति’ की अन्य प्रमुख उपलब्धियों में ‘ई गुरुकुल’, ‘अलवर सांसद खेल उत्सव’,’अलवर टाइगर मैराथन’ शामिल हैं ।


