कश्मीरी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के लिए जिला पहुंचे कश्मीर के 06 जिलों से युवा
-स्वागत कार्यक्रम के दौरान आयोजित विशेष सत्र में युवाओं को बैंकिंग योजनाओं एवं वित्तीय साक्षरता के प्रति किया गया जागरूक

-कश्मीरी युवाओं को स्वागत करते हुए उन्हें वितरित की गई कार्यक्रम की कीट
सोनीपत, 09 फरवरी। एसएम हिन्दू वरिष्ठï माध्यमिक विद्यालय में होने वाले कश्मीरी युवा आदान प्रदान कार्यक्रम के लिए जिला में कश्मीर के 06 जिलों से पहुंचे युवाओं का भव्य स्वागत किया गया। ये युवा कश्मीर के अनंतनाग, कुपवाड़ा, बारामूला, बडगाम, श्रीनगर एवं पुलवामा से पहुंचे है। इस दौरान युवाओं को कार्यक्रम से संबंधित कीट वितरित की गई।
जिला युवा अधिकारी बृजेश कौशिक ने बताया कि स्वागत कार्यक्रम के दौरान आयोजित विशेष सत्र में उपस्थित युवाओं को बैंकिंग योजनाओं एवं वित्तीय साक्षरता के प्रति जागरूक किया गया। इस सत्र में पंजाब नेशनल बैंक से फील्ड ऑफिसर सुधीर ने युवाओं को बचत योजनाओं, डिजिटल बैंकिंग, युवाओं के लिए बैंकिंग सुविधाओं तथा वित्तीय अनुशासन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
इस दौरान एसएम हिन्दू स्कूल की प्राचार्या नताशा छाबड़ा ने कश्मीरी घाटी से आए युवाओं का स्वागत करते हुए विद्यालय एवं संस्था के इतिहास, मूल्यों एवं सामाजिक योगदान के बारे में जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य कश्मीरी घाटी के युवाओं को देश की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्हें राष्ट्रीय एकता, आपसी समझ एवं सकारात्मक दृष्टिकोण से परिचित कराना है। आगामी दिनों में प्रतिभागी युवाओं के लिए विभिन्न संवाद सत्र, शैक्षणिक एवं संस्थागत भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


