नववर्ष के अवसर पर जिले में स्वास्थ्य, अग्निशमन व कानून-व्यवस्था के पुख्ता इंतजामों के निर्देश
सोनीपत, 31 दिसंबर। अतिरिक्त उपायुक्त एवं कार्यवाहक उपायुक्त लक्षित सरीन ने नववर्ष की पूर्व संध्या (31 दिसंबर 2025) तथा नववर्ष दिवस (1 जनवरी 2026) के अवसर पर जिले में संभावित भीड़, आवागमन में वृद्धि एवं किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक एहतियाती व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
उन्होंने सिविल सर्जन को निर्देश दिए कि नागरिक अस्पताल सोनीपत सहित जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं उप-स्वास्थ्य केंद्रों पर दिन-रात्रि (24&7) चिकित्सकों व पैरा-मेडिकल स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर आपात स्थिति के लिए आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं, उपकरण तथा जीवन रक्षक दवाइयों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर चिकित्सक/पैरा-मेडिकल स्टाफ सहित एम्बुलेंस की तैनाती भी की जाएगी।
इसके अलावा उन्होंने निर्देश दिए कि वे स्वयं दिनांक 31 दिसंबर 2025 एवं 1 जनवरी 2026 को चिकित्सा विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित मुख्यालय पर उपस्थित रहेंगी। 31 दिसंबर 2025 को दोपहर 12 बजे से रात्रि 12 बजे तक स्वास्थ्य विभाग की हेल्पलाइन/आपात नंबरों पर प्राप्त चिकित्सा सहायता संबंधी संदेशों का विवरण व उनके द्वारा की गई कार्यवाही की टिप्पणी सहित प्रत्येक दो घंटे के अंतराल पर अपनी रिपोर्ट उपायुक्त कैंप कार्यालय में भिजवाना सुनिश्चित करेंगी। साथ ही इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), सोनीपत के माध्यम से सभी निजी अस्पतालों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करवाना सुनिश्चित करेंगी।
अतिरिक्त उपायुक्त ने अग्निशमन अधिकारी को निर्देश दिए कि वे जिले के महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों पर अग्निशमन वाहनों की तैनाती सुनिश्चित करें तथा वे भी अपने विभागीय कर्मचारियों सहित 31 दिसंबर 2025 एवं 1 जनवरी 2026 को मुख्यालय पर उपस्थित रहें। इसके साथ ही सिंचाई विभाग के सभी कार्यकारी अभियंताओं को नहरों एवं ड्रेनों पर नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वे भी अपने विभाग के कर्मचारियों सहित 31 दिसंबर 2025 एवं 1 जनवरी 2026 को मुख्यालय पर उपस्थित रहेंगे।
इसके अतिरिक्त उन्होंने जिला के सभी उपमंडल मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्राधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, उप-स्वास्थ्य केंद्रों एवं अग्निशमन केंद्रों तथा संवेदनशील स्थलों का दौरा करें। साथ ही संबंधित पुलिस अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर यातायात, शांति एवं कानून- व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने सभी जिलावासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे नववर्ष के अवसर पर संयम, सतर्कता एवं नियमों का पालन करते हुए उत्सव मनाएं।



