रन फॉर यूनिटी की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरूण कुमार गुप्ता ने वीसी के माध्यम से की उपायुक्तों के साथ बैठक
- देश की एकता, अखंडता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए शहर में आयोजित रन फॉर यूनिटी में भाग लेंगे जिला के युवा व सभी सामाजिक संगठन-उपायुक्त सुशील सारवान


सोनीपत, 21 अक्टूबर। 31 अक्टूबर को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में प्रदेश के सभी जिलों में आयोजित रन फॉर यूनिटी की तैयारियों को लेकर सोमवार को मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरूण कुमार गुप्ता ने विडियों कांफ्रेंस के माध्यम से सभी उपायुक्तयों के साथ बैठक कर उन्हें जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि फतेहाबाद में आयोजित रन फॉर यूनिटी में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी व अन्य सभी जिला में प्रदेश के जन प्रतिनिधि भाग लेंगे।
वीसी के पश्चात उपायुक्त सुशील सारवान ने अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें निर्देश देते हुए कहा कि रन फॉर यूनिटी का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय एकजुटता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिला के सभी खिलाडिय़ों, युवाओं तथा सभी सामाजिक व धार्मिक संगठनों से जुडे लोगों को शामिल किया जाए। उन्होंने सीटीएम व डीईओ को निर्देश दिए कि रन फॉर यूनिटी का आयोजन 31 अक्टूबर को सुबह 07 बजे किया जाएगा इसलिए स्थान व रूट का चयन करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। रन फॉर यूनिटी मार्ग पर सुरक्षा, पेयजल, यातायात, चिकित्सा व सफाई आदि व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में भाग लेने वाले युवाओं के हाथों में तिरंगा झण्डा होना चाहिए इसलिए उन्हे तिरंगा उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें।
उपायुक्त ने शिक्षा विभाग, खेल विभाग और नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर आपसी समन्वय से तैयारी करें, ताकि कार्यक्रम में किसी प्रकार की कमी न रहे। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से युवाओं को सरदार पटेल के योगदान और उनके द्वारा एक भारत के निर्माण में निभाई गई भूमिका से अवगत कराया जाएगा।
इस दौरान एसडीएम सोनीपत सुभाष चंद्र, सीटीएम डॉ० अनमोल, जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया, जिला खेल अधिकारी मनोज कुमार, डीआईओ विशाल सैनी सहित संबंधित सभी अधिकारी मौजूद रहे।

