Breaking NewsDelhiPoliticsबीजेपी

दिल्ली से हुआ हरियाणा में भाजपा के तीन जिला कार्यालयों का उद्घाटन, दिल्ली के भी तीन कार्यालयों का उद्घाटन

राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री नायब सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने रिमोट दबाकर वचुअर्ली किया उद्घाटन

 

हमारे कार्यालय संस्कार के केंद्र : जेपी नड्डा

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने भाजपा कार्यालय की भूमिका को राष्ट्र निर्माण में बताया महत्वपूर्ण

चंडीगढ़, 6 जुलाई। हरियाणा में भाजपा के तीन जिला कार्यालयों झज्जर, कुरूक्षेत्र और सिरसा का उद्घाटन रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिल्ली स्थित भाजपा के केंद्रीय कार्यालय से वचुअर्ली किया। इस मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली भी उपस्थित रहे। यहां श्री नड्डा ने दिल्ली के भी तीन भाजपा कार्यालयों का रिमोर्ट से उद्घाटन किया। झज्जर, कुरूक्षेत्र और सिरसा में भी जो कार्यक्रम आयोजित किए गए थे उनको वीडियो कांफ्रेस के माध्यम से जोड़ा गया। तीनों जिलों के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली से नड्डा, नायब और बड़ौली के संबोधन को सुना। इस मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, सांसद मनोज तिवारी, बांसुरी स्वराज भी मौजूद रही।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जनसंघ के संस्थापक डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर नमन करते हुए कहा कि आज हम एक वट वृक्ष के रूप में जिस भाजपा को देख रहे हैं इसके बीज डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने रख दिए थे। उन्होंने कहा कि डा. मुखर्जी बहु आयामी प्रतिभा के मालिक थे। 33 वर्ष की उम्र में कलकता यूनीवर्सिटी के वाइस चांसलर बने और लगभग 36 वर्ष की उम्र डा. मुखर्जी विधानसभा पहुंच गए थे। श्री नड्डा ने कहा कि डा. मुखर्जी कभी पद से चिपक कर नहीं रहे, लेकिन वे जीवन भर विचारों से चिपके रहे। उन्होंने कभी विचारों के साथ समझौता नहीं किया। श्री नड्डा ने कहा कि देश श्यामा प्रसाद मुखर्जी का ऋणी है और इसलिए ऋणी है कि आज हम पश्चिम बंगाल और नार्थ ईस्ट को देख रहे हैं वो डा. मुखर्जी के प्रयासों से ही बचा पाए।

श्री नड्डा ने कहा कि डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का ओज से भरा हुआ व्यक्तित्व था। डा. मुखर्जी नेहरू कैबिनेट के सदस्य थे, लेकिन वे जवाहर लाल नेहरू की तुष्टिकरण की नीति के खिलाफ थे। डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को लगा कि आजादी के साथ-साथ देश को कमजोर करने की साजिशे शुरू हो गई है, इसलिए उन्होंने त्याग पत्र दे दिया। डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जम्मू कश्मीर में धारा 370 का विरोध किया। डा. मुखर्जी ने 23 जून 1953 को अंतिम सांस ली। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता डा. मुखर्जी के बताए मार्ग पर चलें यही उनके लिए सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

श्री नड्डा ने कहा कि 9 जून को मोदी सरकार के 11 साल पूरे हुए हैं। मोदी सरकार के ये 11 साल बेमिसाल रहे हैं और से स्वर्णिम अक्षरों में लिखने वाले वर्ष हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसेवा, साधना और समर्पण के साथ-साथ कार्यों को सिद्धि तक पहुंचाया है। प्रधानमंत्री मोदी का संकल्प अड़िग रहा है और नीयत जनसेवा की होती है। उन्होंने कहा कि जब हम सेवा की बात करते हैं तो सेवा हमारा कोई श्लोगन नहीं है। सेवा हमारे जीवन के कार्य करने की पद्धति का हिस्सा है। कोरोना महामारी के दौरान बड़े-बड़े राजनीतिक पार्टियों के नेता या तो क्वारनटाइम में चले गए या फिर आईसीयू में, लेकिन हमारे कार्यकर्ताओं ने सेवा ही संगठन के मंत्र पर चलते हुए करोड़ों लोगों की सेवा की।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में अब भारत न्यू नॉर्मल हो गया है। नया नार्मल कि अब भारत दुश्मन को तुरंत जवाब देता है। पुलवामा की घटना होती है तो तो मोदी कहते हैं कि दुश्मनों ने बहुत बड़ी गलती कर दी, इसका हिसाब किताब दिया जाएगा। पहलगाम घटना पर पीएम मोदी ने कहा था कि अब कल्पना से बाहर इसका जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में हमारी सेना ने ऑप्रशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान के मिलिट्री बेस, ट्रेनिंग सेंटर और 9 स्थानों को ध्वस्त कर दिया।  श्री नड्डा ने का कि सेवा, सुरक्षा और सुशासन का परिणाम है कि आज भारत की इकोनॉकी चौथे स्थान पर दस्तक दे रही है।

श्री नड्डा ने कहा कि कार्यालयों की उत्पति ऐसे ही नहीं हुई। 2014 में नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने तब हमने हर जिले में कार्यालय बनाने का संकल्प लिया। हमने देश में 772 कार्यालय बनाने की योजना बनाई। उन्होंने कहा कि आज हमें खुशी है कि अब तक 582 भाजपा के कार्यालय बन चुके हैं और जल्द ही 150 कार्यालयों का काम भी पूरा हो जाएगा। भाजपा के कार्यालय वह स्थान होते हैं जहां हम नीतियों को चालना देते हैं। हमारे कार्यालय संस्कार के केंद्र हैं यहां संस्कारों को प्रतिपादित किया जाता है। पांच ‘‘क’’ पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि कार्यालय चलाने के लिए कार्यकर्ता, कार्यकारिणी, कार्यक्रम और कोष चाहिए। कार्यकर्ता से कार्यकारिणी, कार्यकारिणी से कार्यक्रम और कार्यक्रम से कोष, कोष से कार्यालय तक की व्यवस्था हम करते हैं। उन्होंने कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं कि हम भाजपा के कार्यकर्ता हैं।

श्री नड्डा ने कहा कि डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने दो प्रधान, दो विधान, दो निशान का विरोध किया था। 2019 में पीएम मोदी की इच्छा शक्ति और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की रणनीति ने धारा 370 को धराशाही कर दिया। 11 जून 1989 में हमने पालमपुर में प्रस्ताव पारित किया था कि राम जन्मी भूमि का रास्ता प्रशस्त करेंगे, लंबी लड़ाई के बाद पीएम मोदी के कर कमलों से जनवरी 2024 में अयोघ्या में भव्य राम मंदिर बना। हम कभी अपने रास्ते से नहीं भटके और ना ही कोई समझौता किया।

श्री नड्डा ने कहा कि हम कैडर बेस पार्टी है। हमारी  973 जिला कमेटी है जो किसी भी पार्टी के पास नहीं है। 15 हजार 432 ब्लॉक में हमारा काम है। हमारा काम एक लाख 16 हजार शक्ति केंद्रों और 6 लाख 80 हजार बूथ अध्यक्षों के साथ हमारा काम है। उन्होंने कहा कि हमारी 13 राज्यो में विशुद्ध सरकार हैं। 6 राज्यों मे ंएनडीए की सरकार है। पांच राज्यों में तीसरी बार भाजपा की सरकार है। कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उन्होंने कहा कि अब हमारी नजर तमिलनाडू, केरल और पश्चिम बंगाल पर है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है।

बॉक्स

देश अमृतकाल में प्रवेश कर विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा – मुख्यमंत्री नायब सिंह

तीन नए कार्यालयों से संगठन मजबूत, सेवा भावना प्रगाढ़ तथा संकल्प होगा दृढ़

जनसंघ संस्थापक की जयंती पर दो वर्षों तक देशभर में किये जाएंगे कार्यक्रम आयोजित

कार्यालयों को जनता की चौपाल बना लोगों की समस्याएं सुनें और उनके समाधान का करें प्रयास

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ’अमृतकाल’ में प्रवेश कर चुका है और ’विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में पार्टी कार्यालयों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने ’सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ का मंत्र दिया है। यह कार्यालय ’सबके प्रयास’ को संगठित करने और उसे सही दिशा देने का काम करेंगे।

WhatsApp Image 2024-08-03 at 12.46.12 PM
WhatsApp Image 2024-08-03 at 12.55.06 PM
c3875a0e-fb7b-4f7e-884a-2392dd9f6aa8
1000026761
WhatsApp Image 2024-07-24 at 2.29.26 PM

मुख्यमंत्री आज नई दिल्ली स्थित भाजपा कार्यालय में केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जे पी नड्डा द्वारा वर्चुअली हरियाणा के झज्जर, सिरसा व कुरूक्षेत्र सहित तीन जिलों के जिला स्तरीय भाजपा कार्यालय के लोकार्पण समारोह को को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इन तीन नए कार्यालयों से हमारा संगठन और मजबूत होगा, सेवा की भावना और प्रगाढ़ होगी तथा संकल्प और दृढ़ होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसंघ संस्थापक श्री श्यामा प्रसाद की आज 125वीं जंयती का यह दिन हरियाणा और भारतीय जनता पार्टी की विकास यात्रा में एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ने वाला है। इसके साथ ही यह भाजपा को हर घर तक पहुंचाने के संकल्प की सिद्धि का उत्सव भी है। उन्होंने कहा कि जनसंघ संस्थापक की जयंती के उपलक्ष्य में अगले दो वर्षों तक देशभर में कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। इनमें नई पीढ़ियों को उनके जीवन मूल्यों, आदर्शों और सिद्धांतों से सीख लेने की प्रेरणा दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राष्ट्र की ओर से उस महापुरुष के प्रति कृतज्ञता की एक विनम्र अभिव्यक्ति है जिन्होंने कश्मीर के लिए अपने संघर्ष में आह्वान किया था कि “एक राष्ट्र में दो निशान, दो विधान, दो प्रधान नहीं चलेंगे“। उन्होंने भारत की एकता और संवैधानिक अखंडता के लिए अपना जीवन न्योछावर कर दिया। उस बलिदान को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने व्यर्थ नहीं जाने दिया और कश्मीर से धारा 370 और 35ए को हटा कर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के अखंड भारत के सपने को साकार किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यालय उन दलों के लिए एक आईना भी हैं जो परिवारवाद और वंशवाद की राजनीति करते हैं। उनके कार्यालय कुछ परिवारों की निजी संपत्ति होते हैं, जहां आम कार्यकर्ता की कोई पूछ नहीं होती। लेकिन भारतीय जनता पार्टी एक ऐसी पार्टी है, जहां एक बूथ पर पोस्टर लगाने वाला कार्यकर्ता भी अपने परिश्रम और प्रतिभा के बल पर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के पद तक पहुंच सकता है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और वे स्वयं हैं।

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि हमें मिलकर हरियाणा के हर घर तक पहुंचना है, हर दिल को जीतना और प्रधानमंत्री के ’विकसित भारत’ के संकल्प में ’विकसित हरियाणा’ का सबसे अधिक योगदान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि इन कार्यालयों को केवल बैठकों तक सीमित नहीं रखना है, बल्कि इन्हें जनता की चौपाल बना कर इनमें लोगों की समस्याएं सुनें, उनके समाधान का प्रयास करें और सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं।

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हम सब एक ऐसे संगठन के कार्यकर्ता हैं, जहां राष्ट्र पहले, संगठन दूसरे तथा परिवार को तीसरे स्थान पर रखा जाता है। यह कार्यकर्ताओं की मेहनत का ही परिणाम है कि केन्द्र और हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी को लगातार तीसरी बार जनसेवा का दायित्व मिला है और पिछले 11 वर्षों से लगातार सर्वश्रेष्ठ नेतृत्व प्रदान कर विश्व में भारत को गौरवान्वित कर रही है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और निष्ठाभाव से काम करने की बदौलत आज यह पार्टी 14 करोड़ से अधिक सदस्यों के साथ दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी बन चुकी है। हरियाणा में भी भाजपा के 46 लाख से अधिक सदस्य हैं। इसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत को एक सुदृढ़, समृद्ध एवं शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर स्थापित करने के उद्देश्य से वर्ष 1980 में भारतीय जनता पार्टी की स्थापना की गई थी। भाजपा के पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष भारत रत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी से लेकर वर्तमान में श्री जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व तक संगठन ने जो विस्तार  किया है, वह देश की जनता की निरंतर उम्मीदों पर खरा उतरने के फलस्वरूप ही संभव हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यकर्ता किसी भी संगठन की सबसे बड़ी ताकत होते हैं, वहीं संगठन के कामकाज को सुचारू रूप से चलाने के लिए कार्यालय एक महत्वपूर्ण स्थान होता है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के सब जिला मुख्यालयों पर पार्टी कार्यालय बनाये जा रहे हैं। जिन तीन जिलों में भाजपा कार्यालय के उद्घाटन हुए हैं। उनको मिलाकर अब तक 20 जिलों में भाजपा कार्यालय बनाए जा चुके हैं। अब केवल पानीपत और महेन्द्रगढ़ जिले शेष बचे हैं, इन जिलों में भी अगस्त के अंत तक कार्यालय बनकर तैयार हो जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जो बीड़ा उठाया है, यह कार्यालय उस अभियान को हरियाणा में ओर गति प्रदान करेंगे। सभी कार्यालय आधुनिक तकनीक से लैस हैं। इनमें मल्टीपरपज हॉल, मीडिया सेंटर, लाइब्रेरी, जन-प्रतिनिधि कक्ष, कम्प्यूटर रूम व अटल सेवा केन्द्र स्थापित किये गये हैं। इसका उद्देश्य यही है कि हमारे कार्यकर्ता आज के दौर की चुनौतियों के लिए तैयार हों और भाजपा की नीतियों व विचारधारा को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचा सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय था जब हमारे कार्यकर्ता पेड़ के नीचे दरी बिछाकर, किसी धर्मशाला के कोने में या किसी कार्यकर्ता के घर के एक छोटे से कमरे में बैठकर पार्टी का काम करते थे। उनके पास संसाधन नहीं थे, लेकिन उनमें जुनून और राष्ट्रभक्ति का जज्बा था। अब हम इन भव्य कार्यालयों को देख रहे हैं, तो यह असंख्य कार्यकर्ताओं के त्याग व तप का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय केवल सीमेंट-कंकरीट के भवन ही नहीं है बल्कि भाजपा के ’सेवा और संस्कार’ के मंदिर हैं। ये वह शक्ति केंद्र हैं, जहां अंत्योदय की साधना की जाती है। इनमें कार्यकर्ता एक परिवार की तरह बैठकर राष्ट्र निर्माण और जन-सेवा का ताना-बाना बुनते हैं। यह कार्यालय  कार्यकर्ताओं व समर्थकों के मान-सम्मान, उनकी ऊर्जा और उनके सपनों का केंद्र भी हैं।

बॉक्स —

20 जिलों में कार्यालय पूरे, 2 जिलों के कार्यालयों का निर्माण कार्य अगस्त तक पूरा कर लिया जाएगा  : मोहन लाल बड़ौली

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने झज्जर, सिरसा और कुरूक्षेत्र में जिला भाजपा कार्यालय का उद्घाटन करने पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का आभार जताया। श्री बड़ौली ने कहा कि हरियाणा में 20 जिलों में भाजपा कार्यालयों बन चुके हैं और जल्द ही दो जिलों का निर्माण अगस्त तक पूरा कर लिया जाएगा।

मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा के कार्यालय कार्यकर्ताओं के निर्माण का केंद्र होता है और यहां से कार्यकर्ता संस्कार लेकर जाएंगे और पार्टी को मजबूत करने का काम करेंगे। श्री बड़ौली ने नायब सरकार की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के विकास और सुशासन व जनसेवा की मिसाल कायम की है। मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में हरियाण में तेज गति से विकास के कार्य हो रहे हैं।  श्री बड़ौली ने कहा कि भाजपा के कार्यालयों से हमारे कार्यकर्ता मोदी और नायब सरकार की गरीब कल्याण की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेंगे। श्री बड़ौली ने झज्जर, कुरूक्षेत्र और सिरसा जिलों के कार्यकर्ताओं का भी आभार जताया।

Khabar Abtak

Related Articles

Back to top button