हरियाणा खेल विश्वविद्यालय की छात्रा ने हैदराबाद में हुई महिला मुक्केबाज़ी चैम्पियनशिप 2025 में जीता कांस्य पदक

राई (सोनीपत), अनिल जिंदल, 2 जुलाई : हैदराबाद में हुई महिला मुक्केबाज़ी चैम्पियनशिप 2025 में खेल विश्वविद्यालय की छात्रा सुश्री विशु राठी ने कांस्य पदक प्राप्त किया | इस मौके पर विश्वविद्यालय में ख़ुशी का माहौल बना हुआ है| विश्वविद्यालय प्रशासन एवं सभी शिक्षकों एवं कोचिज स्टाफ ने विजेता छात्र को बधाई दी| इस ख़ुशी के मौके पर विश्वविद्यालय के कुलपति श्री अशोक कुमार ने बताया की स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी देश के सबसे तेजी से उभरते खेल शिक्षा संस्थानों में से एक है
उन्होंने बताया की विशु राठी विश्वविद्यालय की बीपीईएस की छात्रा है| हाल ही में उन्होंने हैदराबाद में आयोजित एलीट महिला मुक्केबाज़ी चैम्पियनशिप 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर विश्वविद्यालय और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
कुलपति ने बताया की यह उपलब्धि विश्वविद्यालय की उत्कृष्ट खेल प्रशिक्षण, शैक्षणिक वातावरण और समर्पित कोचिंग प्रणाली की सफलता का प्रत्यक्ष प्रमाण है। हरियाणा खेल विश्वविद्यालय का उद्देश्य सदैव ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को तैयार करना रहा है जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ाएं।
कुलपति श्री अशोक कुमार ने बताया की विशु की यह उपलब्धि उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। विश्वविद्यालय ऐसे खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करता है जो संघर्ष करके ऊंचाइयों को छूते हैं और अपने साथ-साथ संस्थान का भी मान बढ़ाते हैं। हरियाणा खेल विश्वविद्यालय का लक्ष्य ओलंपिक स्तर के खिलाड़ी तैयार करना है और राज्य को खेल प्रतिभाओं का केंद्र बनाना है। विश्वविद्यालय का यह मानना है कि विशु राठी की तरह अनेक छात्राएं और छात्र आने वाले वर्षों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन करेंगे।
रजिस्ट्रार श्री जसविंदर सिंह ने बताया की विश्वविद्यालय परिवार इस उपलब्धि को गर्व के साथ मना रहा है और इसे एक प्रेरणा स्वरूप मानते हुए अन्य विद्यार्थियों को भी उत्कृष्टता की ओर अग्रसर होने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है। यह पदक विश्वविद्यालय की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसके अंतर्गत छात्र- खिलाड़ियों को सर्वश्रेष्ठ खेल और शैक्षणिक सुविधाएं प्रदान की जाती हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन सुश्री विशु राठी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए एक बार फिर बधाई देता है और उनके उज्जवल भविष्य की कामना करता है। यह सफलता विश्वविद्यालय के लिए प्रेरणा है और आने वाले समय में और भी कई उपलब्धियों की नींव रखती है।
मुख्य मुक्केबाज़ी कोच डॉ. संदीप कुमार ने विशु राठी के अभ्यास, समर्पण और तकनीकी समझ की प्रशंसा करते हुए कहा कि हरियाणा खेल विश्वविद्यालय में हम वैज्ञानिक प्रशिक्षण, वैयक्तिक मार्गदर्शन और प्रतियोगिता – उन्मुख तैयारियों के जरिए खिलाड़ियों को सम्पूर्ण विकास के लिए तैयार करते हैं। इस टूर्नामेंट में देश के अन्य हिस्सों से आये प्रसिद्ध एवं टॉप एथलीट ने भी भाग लिया जिसमें सुश्री लवलीना और निखत जरीन जैसे टॉप एथलीट शामिल हैं|