देशवासियों ने संविधान के रक्षक को चुना, नरेंद्र मोदी तीसरी बार बने प्रधानमंत्री-विपुल गोयल
आपातकाल के 50 वर्ष पूर्ण होने पर ‘काला दिवस’ कार्यक्रम में लोकतंत्र सेनानियों को किया गया सम्मानित

मंत्री विपुल गोयल बोले:कांग्रेस ने सत्ता बचाने के लिए लोकतंत्र को रौंदा था
सोनीपत, 25 जून। हरियाणा के राजस्व व आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में देश की जनता ने एक बार फिर लोकतंत्र और संविधान के रक्षक के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार देश की बागडोर सौंपी है।
उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों ने चुनाव के दौरान लोगों को गुमराह करने के लिए यह झूठ फैलाया कि अगर नरेंद्र मोदी फिर से प्रधानमंत्री बने, तो संविधान समाप्त कर दिया जाएगा। लेकिन देशवासियों ने इस अफवाह का करारा जवाब दिया और यह स्पष्ट कर दिया कि संविधान का सच्चा रक्षक कौन है और भक्षक कौन।
मंत्री विपुल गोयल सेक्टर-15 स्थित जागृति धाम में आपातकाल की 50वीं बरसी पर आयोजित ‘काला दिवस’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। इस अवसर पर उन्होंने आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा में अत्याचार सहने वाले लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि इन सेनानियों का सम्मान करना प्रत्येक लोकतंत्र प्रेमी के लिए एक पूज्य कार्य है। वर्ष 1975 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा आपातकाल थोपकर देश के लोकतंत्र को कुचल दिया गया था। हजारों लोगों को जेलों में बंद कर दिया गया, उनके परिवारों को प्रताडि़त किया गया, और कई परिवार आजीविका से भी वंचित हो गए थे।
कार्यक्रम की शुरुआत मंत्री गोयल ने भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर व दीप प्रज्ज्वलन के साथ की। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत उन्होंने पौधारोपण भी किया।
उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को आपातकाल की विभीषिका के बारे में जागरूक करना जरूरी है ताकि भविष्य में लोकतंत्र को कभी खतरा न हो। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ने संविधान में कभी आस्था नहीं रखी, और हमेशा सत्ता को बचाने के लिए आमजन का दमन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य उन लोकतंत्र सेनानियों की संघर्ष गाथा को जन-जन तक पहुंचाना है, जिन्होंने तानाशाही के विरुद्ध लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की।
इस मौके पर सोनीपत जिला के प्रभारी सतीश नांदल, पूर्व मंत्री कविता जैन, विधायक पवन खरखौदा, मेयर राजीव जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज, वरिष्ठ भाजपा नेता तरूण देवीदास, सुमित्रा चौहान, गुलशन ठेकेदार, सुरेन्द्र मदान, पार्षद अतुल जैन, इंदु वलेचा, राजीव अग्रवाल, नगर पालिका गन्नौर के चेयरमैन अरूण त्यागी, खरखौदा नगर पालिका के चेयरमैन हीरालाल इंदौरा, मोनिका दहिया, भारती शर्मा, सुरेन्द्र दहिया, सुनिता लोहचब सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता व गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।