गोहाना :- शहर के एक एटीएम बूथ में रुपए निकलवाने आए युवक का अन्य युवक ने एटीएम कार्ड बदल लिया गया। इसके बाद उसके खाते से 25 हजार रुपए निकाल लिए गए। युवक को इसकी जानकारी जब लगी, तब उसके पास मोबाइल पर मैसेज आया। इसको लेकर उसने शहर थाना में शिकायत दी, जिस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
खंदराई गांव निवासी सौरव ने पुलिस को बताया कि वह 17 जुलाई को दोपहर के समय निजी कार्य के चलते गोहाना आया था। वह रुपए निकलवाने के लिए तहसील रोड स्थित पीएनबी के एटीएम बूथ पर चला गया। एटीएम बूथ में मशीन से रुपए नहीं निकले। उसी समय एटीएम बूथ में एक युवक आया। उसने युवक से कहा कि एटीएम मशीन से रुपए नहीं निकल रहे हैं। इसके बाद उसने रुपए निकलवाने के लिए अपना एटीएम कार्ड युवक को दे दिया। उसके बाद भी एटीएम मशीन से रुपए नहीं निकले। इस पर युवक ने एटीएम कार्ड उसे वापस दे दिया।
कुछ देर बाद उसके मोबाइल पर 25 हजार रुपए खाते से निकलने का मैसेज आया। सौरव का आरोप है कि एटीएम बूथ में धोखाधड़ी करके उसके खाते से रुपए निकाले हैं। इसी के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पुलिस की टीम आरोपी का पता लगाने के लिए एटीएम बूथ में लगे सीसीटीवी की फुटेज की भी जांच कर रही है।



