गोहाना :- शहर के एक पेट्रोल पंप पर अनुबंध करके 8.97 लाख का डीजल डलवाकर धोखाधड़ी करने के मामले में शहर थाना की पुलिस टीम ने तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी शादीलाल राजस्थान के अलवर का रहने वाला है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश करके दो दिन के रिमांड पर लिया है। लाठ गांव निवासी रामफल ने एसीपी कार्यालय में 2 मई को शिकायत देकर बताया था कि वह जींद रोड स्थित क्वालिटी फिलिंग स्टेशन (पेट्रोल पंप) पर मैनेजर के पद पर कार्यरत है।
पेट्रोल पंप पर 6 अप्रैल को आरएस ट्रेडर्स बिल्डर्स के मैनेजर मनीष शर्मा व मुनीम राज ठाकुर ने अनुबंध करके डीजल खरीदना शुरू किया था। उन्होंने एक सप्ताह में पेट्रोल पंप से 8 लाख 97 हजार 489 रुपए का डीजल खरीदा। इसके 10 दिन बाद उन्हें डीजल का बिल दिया गया। बिल भेजने के बावजूद मनीष शर्मा व राज ठाकुर ने डीजल का भुगतान नहीं किया।
इस पर उन्होंने आरोपियों द्वारा दिए गए चेक को बैंक में लगाया तो वह दो बार बाउंस हो गया। इस पर उन्होंने आरोपियों से संपर्क किया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। इस पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी थी। उसके बाद पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। अब एएसआई संजय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तीसरे आरोपी शादीलाल को गिरफ्तार किया है।



