संत-महापुरुष विचार सम्मान एवं प्रसार योजना से समाज में आई आध्यात्मिक जागृति – कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा
महर्षि कश्यप की मूर्ति स्थापित कर बनाया जाएगा चौक, चौपाल निर्माण हेतु 11 लाख की सहायता
अनिल जिंदल, सोनीपत, 24 मई। महर्षि कश्यप जयंती के अवसर पर लहराड़ा में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि संत-महापुरुष विचार सम्मान एवं प्रसार योजना के माध्यम से समाज में अध्यात्म के प्रति लगाव और जागरूकता का भाव पैदा हुआ है।
कार्यक्रम में डॉ. शर्मा ने महर्षि कश्यप की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए और कहा कि प्रदेश में एक सरकारी संस्थान का नाम महर्षि कश्यप के नाम पर रखा जाएगा।
इसकी घोषणा मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा की गई है। उन्होंने कहा कि महर्षि कश्यप भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिकता के प्रतीक हैं। उनके ज्ञान, तप और अनुसंधान ने मानव सभ्यता को दिशा दी। स्मृति ग्रंथ और कश्यप संहिता जैसे महान ग्रंथों के माध्यम से उन्होंने समाज को सशक्त मार्गदर्शन दिया। कैबिनेट मंत्री ने घोषणा की कि महर्षि कश्यप की मूर्ति स्थापित कर एक चौक का निर्माण किया जाएगा। साथ ही लहराड़ा में कश्यप चौपाल निर्माण के लिए उन्होंने 11 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की।
इस अवसर पर कश्यप समाज के प्रतिनिधियों ने कैबिनेट मंत्री से अनुरोध किया कि खरखोदा में स्थापित मारुति-सुजुकी प्लांट में समाज के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाए। मंत्री ने इस मांग को सकारात्मक रूप से स्वीकार किया और आवश्यक प्रयास का आश्वासन दिया।
सोनीपत विधायक निखिल मदान ने महर्षि कश्यप जयंती कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि महर्षि कश्यप न केवल प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा के महान ऋषि थे, बल्कि वे सामाजिक समरसता, अनुसंधान और अध्यात्म के भी मार्गदर्शक रहे हैं। उन्होंने कहा कि कश्यप ऋषि की शिक्षाएं आज के समय में और भी अधिक प्रासंगिक हैं, जब समाज को फिर से आध्यात्मिक मूल्यों, सामाजिक एकता और वैज्ञानिक सोच की आवश्यकता है।
मेयर राजीव जैन ने कहा – महर्षि कश्यप का योगदान भारतीय अध्यात्म में अमूल्य
मेयर श्री राजीव जैन ने महर्षि कश्यप को भारतीय अध्यात्म की धरोहर बताया और कहा कि कश्यप समाज का इतिहास अत्यंत गौरवशाली रहा है। रामायण काल से लेकर स्वतंत्रता संग्राम तक इस समाज ने महान योगदान दिया है। उन्होंने लहराड़ा में बनी कश्यप चौपाल के पुनर्निर्माण हेतु आर्थिक सहयोग की घोषणा करते हुए कहा कि तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने में इस समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
महर्षि कश्यप ने भारतीय समाज को दिखाया अध्यात्म का आईना – सांसद रामचंद्र जांगड़ा
राज्यसभा सांसद श्री रामचंद्र जांगड़ा ने कहा कि महर्षि कश्यप ने भारतीय समाज को अध्यात्म का आईना दिखाया। उन्होंने कश्यप संहिता जैसे ग्रंथों के माध्यम से समाज को आध्यात्मिक दृष्टि दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र और सांस्कृतिक महाशक्ति बनाने का संकल्प लिया है। इस दिशा में कश्यप समाज की भूमिका निर्णायक रहेगी।
उन्होंने राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही संत-महापुरुष विचार प्रसार योजना की सराहना की और कहा कि इससे समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को भी प्रेरणा और विकास के अवसर मिल रहे हैं।
इस अवसर पर पार्षद मोनिका, कश्यप समाज के जिला प्रधान सतीश कश्यप, राष्ट्रीय कश्यप महासभा के प्रधान गुरु चरण सिंह कश्यप, प्रदेश अध्यक्ष सुंदर कश्यप सहित समाज के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।