गोहाना शहर में महम रोड स्थित ट्रैक्टर वर्कशॉप सहित अलग-अलग तीन दुकानों में चोरी हो गई। चोर दुकानों से ट्रैक्टर के पुराने संसाधन व तांबे-सिल्वर की तार चोरी कर ले गए। पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ चोरी के मामले दर्ज किए। इसके साथ ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शहर के उत्तम नगर निवासी दिलबाग ने पुलिस को बताया कि उसने महम रोड पर करीब 30 साल से किसान ट्रैक्टर वर्कशॉप के नाम से दुकान की हुई है। वह 16 जुलाई को रात करीब 9 बजे दुकान का ताला लगाकर घर चला गया था।
अगले दिन सुबह जब वह आया तो दुकान का ताला टूटा हुआ मिला। उसने अंदर जाकर देखा तो ट्रैक्टर के करीब 80 किलो पुराने पिस्टन व ट्रैक्टर की लिफ्ट के करीब 30 किलो पुराने हाइड्रोलिफ्ट पंप नहीं मिले। इसके साथ ही उसके पड़ोसी दुकानदार सुनील की दुकान से भी चोर कंप्रेशर मोटर चोरी कर ले गए। आरोप है कि यह चोरी खटीक बस्ती निवासी अक्षय ने की है। इस पर पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं खटीक मोहल्ला निवासी सुरेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसकी महम रोड पर कबाड़ी की दुकान की हुई है।
उसके अनुसार करीब 2 महीने पहले उसकी दुकान के पीछे वाले रास्ते से रात के समय घुसकर तांबा, पीतल व सिल्वर की तार चोरी कर ले गया था। वह अब तक चोर की तलाश करता है। अब उसे पता चला है कि उसकी दुकान में चोरी धानकान बस्ती निवासी आशीष उर्फ अभिषेक ने की है। शहर थाना की पुलिस ने आरोपी अक्षय व आशीष उर्फ अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया है।



