गोहाना :- सी. एम. मनोहर लाल खट्टर ने गोहाना जाट महासभा द्वारा बनवाए जाने वाले जाट भवन और
धर्मशाला का शिलान्यास किया। आम आदमी पार्टी ने कड़ी आपत्ति की कि इस कार्यक्रम में जाट समाज के तीनों प्रमुख मसीहाओं चौ. छोटूराम,
चौ. चरण सिंह और चौ. देवीलाल की घोर उपेक्षा की गई। आप की युवा इकाई के जिला अध्यक्ष अनुराग मलिक ने गोहाना जाट महासभा से इस
के लिए पूरे समाज से माफी मांगने की मांग की।
सोनीपत युवा आप के जिला अध्यक्ष अनुराग मलिक ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा की सरकार ने जाटों पर कोई अहसान नहीं किया है। पहले की सरकारें भी विभिन्न समाजों को समय-समय पर जमीनें देती रही हैं। गोहाना जाट महासभा को हरियाणा सरकार ने जमीन मुफ्त में नहीं दी है, इस के लिए जाटों ने बाकायदा रियायती दरों को चुका कर खरीदा है।
अनुराग मलिक ने एतराज किया कि जाट भवन और धर्मशाला के शिलान्यास के सम्पूर्ण कार्यक्रम में कहीं भी न तो चौ. छोटू राम, न चौ. चरण सिंह और न ही चौ. देवीलाल में से किसी का कोई चित्र लगाया गया। यह उपेक्षा जाटों के मसीहाओं का ही नहीं, अपितु पूरे जाट
समाज का अपमान है।
सोनीपत युवा आप के जिला अध्यक्ष ने यह भी आपत्ति की कि पोस्टरों में एक ऐसे मंत्री का चित्र लगाया गया जो वक्त-वक्त पर जाटों के खिलाफ अनर्गल प्रलाप करता रहता है।



