गोहाना :. शहर के मेन बाजार स्थित किन्नर के डेरे पर रविवार रात को बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायर किए। इस घटना में किन्नर बाल-बाल बच गए। यह घटना डेरे में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। इसको लेकर किन्नर ने तीन अन्य किन्नरों पर फायरिंग कराने का आरोप लगाया, जिस पर शहर थाना की पुलिस ने तीन नामजद व अन्य आरोपियों पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
किन्नर अन्नू ने बताया कि वह अपनी गुरु स्वीटी के साथ मेन बाजार स्थित खासा स्कूल वाली गली में रहती है। वे दो दिन से फतेहाबाद में आयोजित एक पंचायत में गई हुई थी। रविवार शाम को ही वापस आई थी। खाना खाने के बाद जब वह आराम कर रही थी तो रात करीब सवा नौ बजे उसके डेरे के सामने 7-8 राउंड फायर हुए। अन्नू का कहना है कि जब पहला फायर हुआ तो उसे लगा कि पटाखे की आवाज है। इस पर उसने तुरंत सीसीटीवी कैमरे की तरफ देखा तो दो युवक बाइक पर बैठे थे। उन्होंने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था। इनमें से एक के हाथ में पिस्तौल थी।
वह लगातार उनके डेरे पर फायर करता रहा। फिर उसने दूसरी पिस्तौल निकाली और उससे भी उनके डेरे पर फायर किए। अन्नू का आरोप है कि यह हमला उनके ऊपर रोहतक के सलारा मोहल्ला निवासी किन्नर उर्मिला, कलानौर निवासी किन्नर लीली किन्नर व सफीदों निवासी किन्नर सीनू ने उन्हें डराने, दहशत फैलाने व जान से मारने के लिए करवाया है। पहले भी किन्नर समाज की पंचायत में आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी है। ^मेन बाजार में किन्नर समाज के डेरे पर फायरिंग करने की जानकारी मिली थी। पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया। सीसीटीवी की फुटेज भी बरामद कर ली है। इसके साथ ही आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। एसआई अमरजीत, जांच अधिकारी, शहर थाना गोहाना ।
किन्नर अन्नू ने बताया कि सोनीपत के साथ गोहाना क्षेत्र पहले रोहतक जिले में थे। ऐसे में आरोपी गोहाना का एरिया उनसे छुड़वाना चाहते हैं। वे उन्हें कहते हैं कि गोहाना व रोहतक का सारा एरिया छोड़कर कहीं भाग जाओ, नहीं तो उन्हें जान से मार देंगे। आरोपियों ने 13 जून को रोहतक के सदर थाना में भी उनके साथ मारपीट की थी, जिस पर उन्होंने कमरे में छुपकर अपनी जान बचाई थी।



