
गोहाना : सदर थाना क्षेत्र के एक गांव में महिला ने अपने पति को शराब पीने से मना किया तो ससुराल पक्ष के लोगों ने उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी। इससे महिला के दोनों हाथ भी टूट गए। महिला ने पति, सास-ससुर समेत चार पर मारपीट व घर से बाहर निकालने का आरोप लगाया। इसकी शिकायत पर सदर थाना की पुलिस ने चारों आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है। सदर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी निधि ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी सोनू के साथ हुई है। उसके पास एक बेटा व बेटी भी है। महिला का आरोप है कि उसका पति बहुत ज्यादा शराब पीने का आदी है।
उसने बताया कि शनिवार को सोनू ने ज्यादा शराब पी रखी थी। उसके अनुसार जब वह सोनू को समझाने लगी तो उसकी सास व सास की बहन ने उसे नीचे गिरा दिया। इसके बाद उसके पति सोनू ने लकड़ी के डंडे से उसके शरीर पर काफी चोटें मारी। मारपीट में उसके दोनों हाथ टूट गए। इसके बाद उसे घर से धक्का देकर बाहर निकाल दिया गया ।
इसकी सूचना मिलने के बाद उसके परिवार वाले ससुराल पहुंचे और सिविल अस्पताल लेकर गए। वहां से उसे बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में रेफर कर दिया। इसी के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति, सास-ससुर समेत चार के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।



