गोहाना : बाइक चोरी करने के मामले में शहर थाना की पुलिस टीम ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी राजा उर्फ गोलू हांसी के खरड़ चुंगी का रहने वाला है। इस मामले में आहुलाना गांव के राकेश ने 20 नवंबर 2021 को शहर थाने में शिकायत दी थी कि बस स्टैंड के नजदीक उसकी डेकोरेशन की दुकान है।
उसने 18 नवंबर की रात को अपनी बाइक दुकान के सामने खड़ी की थी, लेकिन अगले दिन उसकी बाइक वहां नहीं मिली। इस पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर लिया था। उसके बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही उनसे बाइक भी बरामद कर ली थी। अब पुलिस ने आरोपी राजा उर्फ गोलू को भी गिरफ्तार किया है। उसके बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया।



