सोनीपत के नागरिक अस्पताल में कर्मियों के बीच झड़प, दोनों पक्षों ने पुलिस को दी शिकायत

सोनीपत : सोनीपत के नागरिक अस्पताल में बुधवार को कर्मियों के बीच झड़प हो गई। इस दौरान अस्पताल परिसर में खूब हंगामा हुआ। दोनों पक्षों की तरफ से नागरिक अस्पताल प्रशासन के साथ ही पुलिस को शिकायत दी गई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं।
गांव गामड़ी निवासी सुरजीत ने बताया कि वह नागरिक अस्पताल में चतुर्थ श्रेणी कर्मी हैं। उनकी अस्पताल में ईएनटी चिकित्सक की ओपीडी के सामने ड्यूटी है। बुधवार को चिकित्सक बोर्ड ड्यूटी कर रहे थे। चिकित्सक ने उन्हें कहा कि बोर्ड की ड्यूटी के तहत आने वाले मरीजों की जांच करेंगे। इसके बाद सामान्य मरीजों की जांच की जाएगी। वह मरीजों को अंदर भेज रहे थे। तभी अस्पताल का ही कर्मचारी ओपीडी के गेट पर पहुंचा। उनके साथ एक अन्य व्यक्ति था। कर्मचारी अंदर जाने लगा तो उन्होंने कहा कि चिकित्सक मरीजों की जांच कर रहे हैं। इस पर वह तेश में आ गया और धक्का मार दिया। उन्होंने विरोध किया। इसके बाद ओपीडी के बाहर कई युवक आ गए और उनके साथ मारपीट की। वह अपनी जान बचाकर वहां से सिविल सर्जन कार्यालय में चले गए। वहां पहुंचने के बाद डायल-112 पर सूचना दी। जिस पर पुलिस सिविल सर्जन कार्यालय से बाहर आ गई। तभी एक युवक ने पुलिस के सामने भी उन पर हाथ उठा दिया। आरोपी के साथ करीब 25-30 युवक थे।
आरोपी उन्हें धमकी देते हुए गाली-गलौज करता रहा। पुलिस ने उन्हें बचाया। उन्होंने भाई को बुला लिया। वह एमएलआर बनवाने जाने लगे तो फिर से उन्हें रोककर पीटा गया। उन्होंने पुलिस को शिकायत दी है।
वहीं दूसरे पक्ष से लिफ्ट ऑपरेटर आदित्य ने भी मामले की शिकायत सेक्टर-27 पुलिस को दी है। उन्होंने सुरजीत पर धक्का देने, मारपीट व धमकी देने का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि उनके मरीज के साथ सुरजीत ने अभद्रता करते हुए धक्का-मुक्की की। विरोध करने पर मारपीट कर घायल कर दिया। मामले को लेकर पुलिस व अस्पताल प्रबंधन को शिकायत दी है।



