अनिल विज ने लगातार तीसरे दिन सीएम नायब सिंह सैनी पर बोला हमला, साथ ही हरियाणा भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली को भी लिया निशाने पर
पार्टी की पवित्रता, सिद्धांत को बनाए रखने के लिए बड़ौली को तुरंत त्यागपत्र दे देना चाहिए। यह उनकी मर्जी है वह मानें या ना मानें।

गोहाना :-रविवार को रोहतक से अंबाला लौटते हुए हरियाणा के बिजली एवं ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर अनिल विज गोहाना में रुके और पत्रकारों से मुखातिब हुए | अनिल विज ने लगातार तीसरे दिन अपनी ही सरकार के मुखिया सीएम नायब सिंह सैनी पर हमला बोला। उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ-साथ हरियाणा भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली को भी निशाने पर ले लिया।
गोहाना में अनिल विज ने कहा कि मोहनलाल बड़ौली को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस पर IPC की धारा-376 (महिला से गैंगरेप) के आरोप हों, वह महिलाओं की मीटिंग किस तरह ले सकता है। अब हम यह तो कह नहीं सकते कि महिलाओं को BJP से बैन कर दिया गया है। हम तो महिलाओं को 30% बढ़ा रहे हैं। ऐसे में धारा-376 का आरोपी शख्स प्रदेशाध्यक्ष नहीं रह सकता।
विज ने कहा- हमारे बड़े-बड़े नेताओं पर भी आरोप लगे थे। एक डायरी में नाम आने भर पर आडवाणी ने अपने ऊपर आरोप लगने पर त्यागपत्र दे दिया था। मोहनलाल बडोली उनसे बड़े तो नहीं हैं। उनको त्यागपत्र दे देना चाहिए। मेरा यह मानना है कि पार्टी की पवित्रता, सिद्धांत को बनाए रखने के लिए बड़ौली को तुरंत त्यागपत्र दे देना चाहिए। यह उनकी मर्जी है वह मानें या ना मानें।
विज ने कहा कि बड़ौली खुद को निर्दोष बता रहे। गवाह ने भी यही कहा लेकिन नैतिकता के आधार पर जब तक पुलिस निर्दोष साबित नहीं कर लेती, तब तक पद से त्यागपत्र देना चाहिए।
सी.एम. को भी दी नसीहत : आसमान से नीचे उतर भी
आओ रविवार की शाम को अपनी यह बेबाक टिप्पणी फिर से दोहराई प्रदेश के परिवहन मंत्री अनिल विज ने। सी.एम. के प्रति भी अपने तलख रवैए पर कायम रहते हुए विज ने नायब सिंह सैनी को नसीहत दी कि अब आसमान से नीचे भी उतर आओ। जब से सरकार बनी है, नायब सिंह सैनी उड़नखटोले पर सवार हैं। उन्होंने कहा कि अब सी.एम. को आसमान से नीचे उतर आना चाहिए। विधायकों-मंत्रियों के साथ वक्त बिताना चाहिए। जनता की शिकायतें सुननी चाहिएं।
परिवहन मंत्री ने बार-बार दोहराया : मैं वहीं कहता हूं जो मेरी आत्मा मुझ से कहती है। जब उनसे पूछा गया कि जब उनकी चलती नहीं, वह इस्तीफा क्यों नहीं दे देते, इस पर पलट कर कैबिनेट मंत्री ने कहा: मैं इस्तीफा देता नहीं दिलवाता हूं। उन्होंने जोड़ा : न चुप बैठा हूं, न चुप बैठूंगा। मैं चीजों को ठीक करूंगा।
परिवहन मंत्री ने उनके बयानों पर विपक्ष की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया में कहा कि विपक्ष का तो काम ही आरोप लगाना है, विपक्ष सरकार को सराहने से रहा। कांग्रेस पर तीखे प्रहार में उन्होंने कहा कि हम ने 100 दिन पूरे कर लिए, कांग्रेस तो 100 दिन में अपना नेता भी चुन नहीं सकी।
अनिल विज ने कहा कि प्रदेश के पांच बस स्टैंड के लिए पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर पर्यटन विभाग से अनुबंध किया गया है कि उन पर अच्छे भोजन की व्यवस्था उसके द्वारा की जाएगी।
अनिल विज ने दावा किया कि दिल्ली में सौ फीसदी भाजपा की सरकार बनेगी। उनके अनुसार अरविंद केजरीवाल के उतरे और मुरझाए चेहरे से साफ है कि उन्होंने अपनी हार स्वीकार कर ली है। उन्होंने याद दिलाया कि केजरीवाल अभी बरी नहीं हुए हैं, वह जमानत पर हैं।
इस मौके पर उनके साथ गोहाना नगर परिषद की चेयरपर्सन रजनी इंद्रजीत विरमानी, पंजाबी महासंघ के अध्यक्ष इंद्रजीत विरमानी और गोहाना हलका निगरानी कमेटी के पूर्व संयोजक गुलशन विरमानी सहित विभिन्न नगर पार्षद और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।