गोहाना :- सोनीपत के गोहाना में एक विवाहिता को उसके पति व ससुराल वालों ने बुरी तरह से पीटा है। उसके दोनों हाथ टूट गए और डॉक्टरों ने शरीर पर चोटों के 12 निशान बताए हैं। उसे खानपुर महिला मेडिकल कॉलेज में दाखिल कराया गया। महिला का कहना है कि उसे धक्के देकर घर से बाहर निकाल दिया और घर आने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने उसकी शिकायत पर पति, सास-ससुर व अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया
सास ने गिराया, पति ने डंडे से पीटा
गोहाना सदर थाना क्षेत्र के गांव बचपड़ी की निधि ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी सोनू के साथ हुई है। वह एक बेटा-बेटी की मां है। उसका पति बहुत ज्यादा शराब पीने का आदी है। हर रोज शराब पीकर मारपीट व लड़ाई झगड़ा करता रहता है। उसके परिवार वालों ने कई बार समझाया, लेकिन सोनू अपनी हरकतों से बाज नही आया।
निधि ने बताया कि कल उसके पति सोनू ने हद से ज्यादा शराब पी रखी थी। वह उसे समझाने लगी तो आरोप है कि उसकी सास प्रेमो व सास की बहन जयंती ने उसे कहा कि तू कौन होती है, समझाने वाली। इतना कहते ही दोनों ने सिर के बाल पकड़कर उसे नीचे गिरा दिया। इसके बाद मेरे पति सोनू ने लकड़ी के डंडे से उसे शरीर पर काफी चोटें मारी। मारपीट में उसके दोनों हाथ टूट गए।
ससुर पर ये आरोप
आरोप है कि निधि ने शोर मचाया तो उसका ससुर जयभगवान भी आ गया। उसने भी उसे काफी लात-मुक्के मारे और घर से धक्का देकर बाहर निकाल दिया। उसे कहा गया कि हमारे घर में भूखे नंगे घर की आ गयी। घर में दोबारा आई तो तेरे को जान से मार देंगे। निधि ने बताया कि सूचना पाकर उसका भाई मनीष व भाभी प्रीति व अन्य परिवार वाले ससुराल पहुंचे। उसे इलाज के लिए गोहाना नागरिक अस्पताल में ले गए। डॉक्टर ने वहां से उसे PGI खानपुर रेफर कर दिया।
पति समेत 4 पर FIR, गिरफ्तारी नहीं
गोहाना सदर थाना के IO एसआई रामनिवास ने बताया कि सूचना मिली थी कि निधि पत्नी सोनू निवासी बिचपड़ी लड़ाई झगड़ा में अस्पताल में दाखिल है और उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस PGI पहुंची और डॉक्टर से MLR ली। डॉक्टर की रिपोर्ट में निधि के शरीर पर कुल 12 चोटें हैं। पुलिस ने 323,325,506,34 IPC के तहत उसके पति सोनू, सास प्रेमो, जंयती व ससुर जयभगवान के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस जांच कर रही है।



