गोहाना में कनाडा भेजने का झांसा दे ठग लिए 16.53 लाख

गोहाना :-16 जनवरी : खंदराई गांव के एक व्यक्ति से उसकी साली को कनाडा भेजने का झांसा दे 16.53 लाख रुपए ठग लिए गए। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर नामजद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया तथा जांच प्रारंभ कर दी।
साहिल खंदराई में रहता है। उसने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसके दोस्त सुरेश के जरिए मार्च 2024 में उससे सुनील नाम का व्यक्ति मिला। उसने कहा कि वह विदेश भेजने का काम करता है। इस पर साहिल ने उससे अपनी साली अनु को कनाडा भेजने के लिए संपर्क किया। अनु एम. ए. पास है। सुनील ने कहा कि वैसे तो वह 24 लाख लेता है, पर साहिल से वह 20 लाख रुपए ही लेगा। अनु को अगस्त 2024 के आखिरी सप्ताह तक कनाडा भेजने का वायदा किया गया। अप्रैल 2024 में सुनील ने अनु का पासपोर्ट, फोटो और उसके जरूरी दस्तावेज ले लिए। 6 मई 2024 से 16 अगस्त 2024 के बीच सुनील ने लगभग 15 लाख रुपए ले लिए। इनमें से 1.80 लाख रुपए सुनील ने वापस कर दिए। 20 अगस्त 2024 को साहिल से और 1.70 लाख रुपए ले लिए गए।
साहिल ने जब सुरेश के जरिए सुनील से संपर्क किया, उसने दोबारा दस्तावेज मांगे। उसके बाद वह लगातार टालमटोल करने लगा। अब तक आरोपी साहिल से कुल 16.53 लाख रुपए वसूल कर चुका था। उसके कोई संतोषजनक जवाब न देने पर साहिल ने पुलिस से संपर्क किया। इस पर पुलिस ने आरोपी सुनील पर केस दर्ज कर लिया।


