AdministrationBreaking NewsChandigarhPoliticsपुलिस प्रशासनबीजेपी

BJP के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली (61) और सिंगर रॉकी मित्तल के खिलाफ गैंगरेप की FIR हुई दर्ज

चंडीगढ़ : हरियाणा BJP के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली (61) और सिंगर रॉकी मित्तल के खिलाफ गैंगरेप की FIR दर्ज हुई है। ये केस हिमाचल के कसौली पुलिस थाने में 13 दिसंबर 2024 को दर्ज हुआ था, जिसकी जानकारी अब सार्वजनिक हुई है।

दिल्ली की रहने वाली महिला का आरोप है कि उसके साथ कसौली के सरकारी होटल में जबरन शराब पिलाकर रेप किया गया। रॉकी मित्तल ने उसे अपनी एल्बम में एक्ट्रेस बनाने और बड़ौली ने सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया। रेप के बाद उसे डरा-धमकाकर कमरे से बाहर निकाल दिया गया।

महिला के मुताबिक, उसकी अश्लील फोटो खींचने के अलावा वीडियो भी बनाई गई। इसके बाद पंचकूला में उसे केस में फंसाने की कोशिश की गई।

हिमाचल पुलिस ने बड़ौली और रॉकी पर IPC की धारा 376D और 506 के तहत केस दर्ज किया है। सोलन जिले में परवाणू के DSP मेहर पंवर ने कहा कि बड़ौली और मित्तल से पूछताछ की जा चुकी है।

उधर, हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने कहा- ‘मोहन लाल बड़ौली के बारे में मुझसे ना पूछें। अभी केस दर्ज हुआ है। अब पुलिस का काम है, क्या सही है और क्या गलत।’

1. सहेली के साथ घूमने गई, होटल में रुकी थी
पुलिस के मुताबिक एक महिला ने अपनी सहेली के साथ थाने में आकर शिकायत दी। जिसमें लिखा कि मैं अपनी सहेली के साथ रहती हूं। मैं सोनीपत में अमित के पास 2 साल से नौकरी करती थी। उसका ऑफिस नेताजी सुभाष पैलेस में था। 3 जुलाई 2023 को मैं अपनी सहेली और अमित के साथ घूमने के लिए आई थी। वहां हम होटल HPTDC रोज कॉमन कसौली जिला सोलन में रुके। हम करीब 5 बजे होटल पहुंचे।

2. होटल में 2 व्यक्ति मिले, जो बड़ौली और रॉकी थे, हमें कमरे में ले गए
उस शाम हम 7 बजे घूम रहे थे। हमें वहां 2 व्यक्ति मिले, जो वहीं रुके हुए थे। मेरी और सहेली की उनसे बातचीत शुरू हो गई। इनमें से एक ने अपना नाम मोहनलाल बड़ौली बताया। उसने कहा कि वह नेता है। दूसरा रॉकी मित्तल उर्फ जयभगवान था, जिसने खुद को सिंगर बताया। बात करते-करते वह हमें अपने कमरे में ले गए और बोले कि बैठकर बात करते हैं।

3. अभिनेत्री-नौकरी का लालच दिया, जबरन शराब पिलाई
जयभगवान ने बोला कि वह मुझे अपनी एल्बम में अभिनेत्री का रोल देगा। मोहन बड़ौली ने कहा कि मुझे सरकारी नौकरी दिलवा देगा। मेरी बहुत ऊपर तक पहुंच है। फिर बातों-बातों में हमें शराब ऑफर की। जिसके लिए हमने मना किया। मना करने के बावजूद उन्होंने बातों-बातों में हमें जबरन शराब पिला दी।

4. मेरे साथ छेड़छाड़ की, रेप किया
शराब पिलाने के बाद मेरे साथ छेड़छाड़ की। मैंने इसका विरोध किया। जिसके बाद उन्होंने सहेली को डरा–धमकाकर एक तरफ बिठाया। फिर मुझे धमकी दी कि अगर मेरी बात नहीं मानी तो तुझे मरवा दूंगा। इसके बाद दोनों ने बारी–बारी से मेरे साथ रेप किया। मेरी अश्लील फोटो खींची और वीडियो बना ली। उन्होंने हमें धमकी दी कि तुम्हें गायब करवा दूंगा। कहीं तुम्हारा पता नहीं चलेगा, अगर तुमने यह बात कमरे के बाहर किसी को बताई या पुलिस को शिकायत की।

5. डरा-धमकाकर कमरे से बाहर निकाला, केस में फंसाना चाहा
डर और शर्म के मारे हम सहम गए और रोने लगे। हम न कुछ कर पाए और न ही कुछ कह पाए। इसके बाद हमें डरा-धमकाकर कमरे से बाहर निकाल दिया। हम किसी को इसके बारे में कुछ नहीं बता पाए। करीब 2 महीने बाद इन्होंने हमें फिर से डराकर पंचकूला बुलाया। वहां हमारे खिलाफ झूठा केस दर्ज करने की कोशिश की।

WhatsApp Image 2024-08-03 at 12.46.12 PM
WhatsApp Image 2024-08-03 at 12.55.06 PM
c3875a0e-fb7b-4f7e-884a-2392dd9f6aa8
1000026761
WhatsApp Image 2024-07-24 at 2.29.26 PM

हमें फंसाने की कोशिश की। इसके बाद हमें रॉकी मित्तल का पता 1022, सेक्टर 4 पंचकूला, हरियाणा और मोहन बड़ौली का पता 423, सोनीपत रोड सेक्टर 15, हरियाणा मिला। इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और उनके फोन से मेरी फोटो और वीडियो डिलीट कराई जाए।

पुलिस का दावा- महिला ने मेडिकल जांच कराने से मना किया

महिला का दावा है कि उसका यौन शोषण कसौली में हुआ। केस की इन्वेस्टिगेशन कर रहे कसौली थाने के सब-इंस्पेक्टर धनवीर सिंह ने कहा कि जांच चल रही है। पीड़ित महिला विवाहित है और उसने मेडिकल करवाने से मना कर दिया है।

बड़ौली बोले- मामला केवल राजनीतिक स्टंट

यह मामला राजनीतिक तौर पर भी गर्माने लगा है क्योंकि हिमाचल में कांग्रेस की सरकार है। उधर कुछ दिनों बाद बड़ौली को लगातार दूसरी बार हरियाणा भाजपा का प्रदेशाध्यक्ष बनाने के कयास भी लग रहे थे।

बड़ौली ने मीडिया से बात नहीं की, लेकिन फोन पर  बातचीत में उन्होंने खुद पर लगे आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। बड़ौली ने कहा कि यह पूरा मामला राजनीतिक स्टंट से ज्यादा कुछ नहीं है।

बड़ौली ने कार्यकर्ताओं की मीटिंग छोड़ी, अकेले कमरे में गए

वहीं मोहन लाल बड़ौली मंगलवार सुबह से सोनीपत स्थित अपने घर पर पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे थे। दोपहर में जैसे ही उन पर केस दर्ज होने की जानकारी सामने आई, बड़ौली अकेले कमरे में चले गए। इसके बाद पार्टी कार्यकर्ता भी उनके घर से निकल गए।

रॉकी मित्तल बोले- भाजपा के ही नेताओं की साजिश, मुझे गवाह बनाना चाहते थे

इस बारे में रॉकी मित्तल ने कहा कि मुझे मीडिया से केस का पता चला। मेरी तो जिंदगी ही अलग टाइप की है। मैं इन चीजों में पड़ता ही नहीं हूं। जब सितंबर में चुनाव चल रहा था तो भाजपा के एक-दो बड़े लीडरों ने मेरे घर पर लड़कियां भी भेजी थीं। मैं थाने में गया और वहां शिकायत भी की थी। मैंने कहा था कि मुझे ब्लैकमेल कर रहे हैं। मैंने DGP और पुलिस कमिश्नर को भी लेटर लिखा था। उनकी कॉपी मेरे पास है। मेरी किसी ने सुनवाई नहीं की।

मैंने कहा था कि कुछ लोग मुझे बदनाम करना चाहते हैं। इनमें एक भाजपा का है। एक-दो बड़े नेता हैं और साथ में कोई अमित बिंदल है। यह भाजपा का लघु उद्योग का संयोजक है। मेरे पास लड़कियों की रिकॉर्डिंग है। 2 बार लड़कियां मेरे घर आईं। फिर वह दिल्ली गईं और दिल्ली पुलिस से भी मुझे फोन आया। मैंने उन्हें भी समझा दिया था कि मैं शराब तो छोड़ो, बीड़ी भी नहीं पीता।

ये असल में सोनीपत के नेताओं की लड़ाई है। वह मुझे बड़ौली के खिलाफ गवाह बनाना चाहते थे। मैं गवाह नहीं बना। मैं पहले ही भाजपा से दूर हूं। मोहन बड़ौली के साथ अक्सर हम कई बार बाहर गए हैं। अगर एक महीने पहले FIR हुई तो मेरे पास कोई कॉल क्यों नहीं आया। मुझे तो इस बात का आज पता चला।

बड़ौली पर लगे आरोपों के बाद हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उदयभान और रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्‌डा ने फरीदाबाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उदयभान ने कहा- ‘बड़ौली पर लगे गंभीर आरोपों पर भाजपा की चुप्पी महिला सुरक्षा के प्रति उनकी गैर गंभीरता को दर्शाती है। भाजपा को इस पर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।’

Khabar Abtak

Related Articles

Back to top button