कश्मीर से कन्याकुमारी तक मैराथन दौड़ रही रूखी गांव की बेटी सानिया पांचाल को डॉ. अरविंद शर्मा ने किया सम्मानित

गोहाना :-5 जनवरी : सहकारिता, कारागार, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने रविवार को कहा कि पी. एम. नरेंद्र मोदी ने बेटों की तरह बेटियों को समान अवसर उपलब्ध करवाने और उनकी प्रतिभा के अनुरूप रचनात्मक क्षेत्र में आगे बढ़ाने के जो अवसर प्रदान किए हैं, आज उन्हीं की बदौलत बेटियां देश, दुनिया में अपने इलाकों और अभिभावकों का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सी.एम.नायब सिंह सैनी पी.एम.मोदी के संकल्प को पूरा करने के लिए काम कर रहे हैं और यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम भी मिलकर उन्हें मजबूत करें, ताकि हर समुदाय का उत्थान सुनिश्चित किया जा सके।
सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने रूखी गांव की 15 वर्षीय बेटी सानिया पांचाल का गांव के शहीद सुखबीर सिंह मलिक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अभिनन्दन किया। कश्मीर के लाल चौक से कन्याकुमारी तक मैराथन दौड़ के माध्यम से बेटियों के विरुद्ध होने वाले अपराध पर जागरूकता सन्देश देने निकली सानिया पांचाल को शुभकामनाएं देते हुए सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि आज देश, प्रदेश में नारी सशक्तिकरण को बुनियादी तौर पर मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हमारे देश के पी.एम. नरेंद्र मोदी ने कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ पानीपत में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की जो मुहिम शुरू की थी, आज उसके परिणामस्वरूप बेटियों के प्रति समाज में नजरिया बदला है। आज हमारा समाज न केवल बेटियों की अच्छी शिक्षा पर केंद्रित हो रहा है, अपितु स्वरोजगार क्षेत्र के साथ-साथ सरकारी क्षेत्र में काम कर रही बेटियों को मान-सम्मान भी दे रहा है।
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि गोहाना की बेटी सानिया पांचाल द्वारा जो जागरूकता अभियान शुरू किया गया है, उसे जनसमर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आज बेटा-बेटी के बीच का भेदभाव खत्म हो रहा है, जिससे समाज मे बराबरी की भावना बढ़ी है और महिलाओं की समाज और राष्ट्र उत्थान में भागीदारी बढ़ी है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि देश मे बीते 10 साल में असामाजिक ताकतों के खिलाफ पी.एम. नरेंद्र मोदी द्वारा की गई सख्ती और जम्मू-कश्मीर को देश के अभिन्न अंग के तौर पर जो सम्मान देश मे बढ़ा है, वह जगजाहिर है। उन्होंने कहा कि कश्मीर में लाल चौक हमेशा हमारे जवानों और नागरिकों के खून से लाल रहता था, आज वहां एक आजाद देश की भांति लोगों को आवागमन होता है। अपने ही देश मे सुरक्षा का यह भाव लाने के लिए पी. एम. नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह द्वारा की गई सख्ती का सुखद परिणाम है।
कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कुछ दूरी तक बेटी सानिया पांचाल के साथ दौड़ लगाई। उन्होंने गांव के सरकारी स्कूल के मुख्य द्वार पर स्थित शहीद सुखबीर सिंह मेलिक की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इस अवसर पर राजमल मलिक, राकेश बागड़ी, अरुण निनानिया, शेर सिंह बेडवाल, डॉ शमशेर भंडेरी, धूला राम, अनिल चावला, रामू रामपाल वाल्मीकि, मोनू पांचाल, सुभाष भट्टी, मास्टर रामपाल रूखी, कृष्ण सैनी आदि उपस्थित रहे।



