संविधान दिवस के उपलक्ष में वर्षभर आयोजित होंगी जागरूकता गतिविधियां :- उपायुक्त नरेंद्र कुमार
भारतीय संविधान लागू होने के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में आयोजित की जा रही है गतिविधियां

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्य सचिव डॉ. विवेक जोशी ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
रोहतक :-3 जनवरी : उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने कहा कि भारतीय संविधान लागू होने के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में लोगों को संविधान के बारे में जागरूक करने के उद्देश्य से वर्ष भर गतिविधियां आयोजित करवाई जा रही है, जिनका शुभारंभ गत 26 नवंबर 2024 संविधान दिवस कार्यक्रम से हो चुका है। इसी दिन हमारा संविधान लागू किया गया था। वर्ष भर आयोजित होने वाली गतिविधियों की सूची तैयार की जाए। इन गतिविधियों के माध्यम से आम जनता को संविधान के बारे में जागरूक किया जाएगा।
उपायुक्त नरेंद्र कुमार स्थानीय लघु सचिवालय स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंस हॉल में प्रदेश के मुख्य सचिव डॉ. विवेक जोशी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस संदर्भ में दिए गए दिशा-निर्देशों के उपरांत संबंधित विभागों के अधिकारियों से विचार विमर्श कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आगामी 25 जनवरी को कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें संविधान सभा के सदस्य रहे चौ. रणबीर सिंह हुड्डा के बारे में उनके निवास स्थान पर लोगों को जागरूक किया जाएगा तथा संविधान सभा में उनके योगदान, जीवनी व राजनीतिक जीवन के बारे में जानकारी दी जाएगी। इनके परिजनों को सम्मानित भी किया जाएगा। इसके अलावा 14 अप्रैल व सरकार के निर्देशानुसार अन्य प्रस्तावित दिनों के अनुसार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।