धोखाधड़ी से ए.टी.एम. कार्ड बदल कर रूपये निकालने की घटना में संलिप्त एक और आरोपी को किया गिरफ्तार, न्यायालय में पेशकर लिया पुलिस रिमाण्ड पर

गोहाना :-29 दिसंबर : जिले के थाना शहर गोहाना की पुलिस टीम नें धोखाधड़ी से ए.टी.एम. कार्ड बदल कर रूपये निकालने की घटना में संलिप्त एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी अशोक पुत्र राजकुमार निवासी घड़वाल जिला सोनीपत का रहने वाला है l
इस प्रकरण की विस्तृत जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बतलाया कि गत 04 अक्टूबर को जवाहर पुत्र जीत निवासी आदर्श नगर गोहाना जिला सोनीपत नें थाना शहर गोहाना में शिकायत दी कि दिनांक 3.10.2024 को मै आदर्श नगर बैंक मे आया था। और मैने ए.टी.एम. से 10000/- रूपये निकलवाए थे। तभी एक नौजवान लडका ए.टी.एम. में आया। और उस समय मेरा फोन आ गया था। मैं फोन सुनते-2 पैसे गिन रहा था। तब अज्ञात व्यक्ति मेरा ए.टी.एम. कार्ड मशीन से निकाल कर अपना ए.टी.एम. कार्ड दे गया। और मेरे ए.टी.एम. कार्ड से 40000/ रूपये निकाल लिए। इस घटना का भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत थाना शहर गोहाना में अभियोग दर्ज किया गया था।
अनुसन्धान टीम नें घटना में संलिप्त आरोपी सन्नी पुत्र धर्मबीर निवासी पुठी शामण जिला हिसार को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। अब अनुसंधान टीम में नियुक्त उप निरीक्षक जगदीश नें अन्य आरोपियों की खोजबीन करते हुए इस घटना में संलिप्त एक और आरोपी अशोक पुत्र राजकुमार निवासी घड़वाल जिला सोनीपत को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेशकर न्यायालय के आदेशानुसार एक दिन के पुलिस रिमाण्ड पर लिया गया है


