गन्ना उत्पादकों को जल्द भुगतान के लिए अंकिता वर्मा, जितेंद्र शर्मा सम्मानित

:
गोहाना :-25 दिसम्बर : आहुलाना गांव में स्थित गोहाना की चौ. देवीलाल सहकारी चीनी मिल की एम. डी. अंकिता वर्मा और मुख्य लेखाधिकारी अधिकारी (सी.ए.ओ.) जितेंद्र शर्मा को सोनीपत में आयोजित जिला स्तरीय सुशासन दिवस समारोह में प्रदेश में गन्ना उत्पादकों को तीव्रतम भुगतान के लिए सम्मानित किया गया।
सुशासन दिवस समारोह के मुख्यातिथि प्रदेश के खेल और युवा मामलों के मंत्री गौरव गौतम थे। जिला स्तर पर सुशासन के लिए प्रथम पुरस्कार जहां सोनीपत नगर निगम के हिस्से में आया, वहीं सुशासन का द्वितीय पुरस्कार गोहाना की सहकारी चीनी मिल की एम.डी. अंकिता वर्मा और सी. ए. ओ. जितेंद्र वर्मा को प्रदान किया गया।
सी.ए.ओ. जितेंद्र शर्मा ने कहा कि गोहाना की चौ. देवीलाल सहकारी चीनी मिल ने ताजा पिराई सीजन में पूरे हरियाणा में सबसे तेज गति से गन्ना की कीमत का भुगतान किसानों को किया है। उनके अनुसार जहां बाकी की सहकारी चीनी मिलों ने 50 फीसदी तक पेमेंट की है, वहीं गोहाना मिल 90 प्रतिशत भुगतान क्लियर कर चुकी है।
शर्मा ने दावा किया कि इस सीजन में चीनी मिल ने किसानों से 17.28 करोड़ रुपए की कीमत का 4.32 लाख क्विंटल गन्ना खरीदा है। इस में से 15.55 करोड़ रुपए की पेमेंट रिलीज हो चुकी है। इसी शानदार उपलब्धि के लिए चीनी मिल को सुशासन के लिए जिला स्तर पर द्वितीय पुरस्कार से नवाजा गया है।
सी.ए.ओ. ने कहा कि पिछले पिराई सीजन में 24.87 लाख क्विंटल गन्ना खरीदा गया था जिसकी 95.90 करोड़ की पूरी पेमेंट समय पर कर दी गई थी।



