कांग्रेस ईवीएम से नहीं, पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा का एक विशेष जाति के प्रति मोह ले डूबा कांग्रेस को,एक विशेष जाति की राजनीति से हारी : मनीष ग्रोवर
दूसरा बड़ा फैक्टर बना भाजपा सरकार की पारदर्शी जनकल्याणकारी नीतियां और ऐतिहासिक फैसले

रोहतक : 24 दिसंबर : भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सहकारिता मंत्री श्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कांग्रेस नेता और फैक्ट एंड फाइंडिंग कमेटी के अध्यक्ष कर्ण सिंह दलाल द्वारा कांग्रेस की हार के लिए ईवीएम को दोषी ठहराने के बयान पर पलटवार किया है। पूर्व मंत्री ग्रोवर ने कहा कि कांग्रेस शासन की दमनकारी नीतियों को हरियाणा के लोग आज तक भूले नहीं हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का एक विशेष जाति के प्रति प्रेम कांग्रेस को ले डूबा। वही, राज्य की भाजपा सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों और ऐतिहासिक फैसलों से हरियाणा के लोगों में एक नई उम्मीद व नया भरोसा पैदा हुआ। कांग्रेस को ईवीएम पर हार का ठीकरा फोड़ने की बजाय खुद आत्म मंथन करना चाहिए।
डीएलएफ कॉलोनी स्थित निवास स्थान पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूर्व मंत्री ग्रोवर ने कहा कि हरियाणा का हर नागरिक जानता है कि कांग्रेस का बंटाधार किसने किया है। पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा और उनके बेटे के राजनीतिक मंसूबों ने कांग्रेस का पूरी तरह बेड़ा गर्क कर दिया है। चुनाव से पहले और चुनाव के दौरान कांग्रेस के नेताओं ने जिस तरह की बयानबाजी दी और अपने इरादे स्पष्ट किये थे, उससे हरियाणा की जनता के अंदर कांग्रेस के दमनकारी शासन की एक बार फिर यादें ताजा हो गई थी। ग्रोवर ने कहा कि देश और प्रदेश में आने वाला समय पूरी तरह भारतीय जनता पार्टी का है। आज हर नागरिक के अंदर एक भरोसा और ईमानदारी की जोत जगी है। केंद्र सरकार और हरियाणा सरकार ने जो घोषणाएं की, उन्हें धरातल पर पूरा किया गया। राष्ट्र की मजबूती के लिए जिस तरह बड़े फैसले लिए गए, उन्हें हर नागरिक गर्व से महसूस करता है। कांग्रेस ने नौकरी से लेकर गरीब वर्ग के हर काम में भेदभाव किया था। आज भाजपा सरकार में हर वर्ग के काम होते हैं, जबकि कांग्रेस की सरकार में भाई भतीजावाद व दलाल तंत्र हावी था। इस मौके पर नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष ओमप्रकाश, विधानसभा संयोजक ईश्वर सिंगल, कोऑपरेटिव सोसायटी अध्यक्ष हरीश कौशिक सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।