धनाना गांव के एक धार्मिक आश्रम की सी सी टी वी की फुटेज में आश्रम से निकलते हुए दिखाई दिया लापता ग्रामीण
गोहाना :-22 दिसम्बर: 13 दिसंबर को 9 दिन पहले अचानक लापता हो गया एक ग्रामीण धनाना गांव के एक धार्मिक आश्रम की सी.सी.टी.वी. फुटेज में कैद हो गया। इस फुटेज में वह सुबह के 3:16 बजे आश्रम से बाहर निकलता हुआ दिखाई दे रहा है। ए.सी.पी. ऋषिकांत शर्मा ने कहा कि लापता ग्रामीण जल्दी खोज लिया जाएगा।
कैथल जिले की कलायत तहसील के गांव रामगढ़ के दिलबाग पुत्र गजे सिंह ने उसकी बीड़ी की लत छुड़वाने के लिए आश्रम में भेजा था। इस आश्रम में उसका ससुर सेवा राम, जो गोहाना के खेड़ी दमकन गांव का रहने वाला है, सेवा करता है। दिलबाग दिमागी तौर से कुछ कमजोर भी है। ससुर के कहने पर ही परिजन उसे आश्रम में छोड़ने के लिए तैयार हुए थे। दिलबाग के छोटे भाई जरनैल ने कहा कि उसका भाई 8 दिसंबर को ही धनाना गांव के आश्रम में पहुंचा था। उसे 14 दिसंबर को दवाई लेने के लिए रोहतक जाना था, पर वह एक रात पहले अचानक गायब हो गया। अब आश्रम की सी.सी.टी.वी. फुटेज में दिलबाग नजर आया है। वह आश्रम से 13 दिसंबर की सुबह 3 बज कर 16 मिनट पर बाहर निकलता हुआ दिखाई दे रहा है। उसके बाद से उसका कोई अता-पता नहीं है।



