तीन माह से नहीं चल रही महिला स्पेशल बस, छात्राओं को झेलनी पड़ रही परेशानी

गोहाना : गोहाना के बस अड्डा से गांव खानपुर कलां के लिए चलाई गई महिला स्पेशल बस करीब तीन महीने से बंद है। ऐसे में छात्राओं को परेशानी झेलनी पड़ रही है। खानपुर कलां स्थित महिला विश्वविद्यालय में शिक्षा ग्रहण करने वाली छात्राओं ने रोडवेज अधिकारियों से मांग की है कि उनके लिए सुबह व दोपहर के समय महिला स्पेशल बस का परिचालन दोबारा शुरू करवाया जाए, ताकि उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े। छात्राओं ने रूट पर बसों के फेरे बढ़ाने की भी मांग की है।
गोहाना-खानपुर कलां रूट पर भगत फूल सिंह (बीपीएस) महिला विश्वविद्यालय व महिला मेडिकल कॉलेज का अस्पताल हैं। जहां पर रोजाना 2 से 3 हजार यात्रियों का आवागमन है। जबकि महिला विवि में छह हजार के करीब छात्राएं पढ़ती हैं। आस-पास की छात्राएं रोजाना घर से ही विवि में आवागमन करती हैं। इन छात्राओं के लिए रोडवेज ने महिला बस सेवा शुरू की थी, जिससे छात्राओं को फायदा मिल रहा था, लेकिन रोडवेज की तरफ से महिला स्पेशल बस को तीन महीने से बंद किया हुआ है। इससे छात्राओं को सुबह व दोपहर के समय दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बीपीएस महिला विवि की छात्राओं की मांग है कि सुबह और दोपहर के समय अतिरिक्त बस चलाई जाए और महिला स्पेशल बस को फिर से शुरू किया जाए।
खानपुर कलां रूट पर नियमित बसें चलाई जा रही हैं। रोडवेज की तरफ से सर्वे किया जा रहा है। इसके बाद छात्राओं की मांग के अनुसार ही गांव खानपुर कलां के लिए बसों को परिचालन किया जाएगा। छात्राओं के सामने किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
– संजय नैन, डीआई, बस अड्डा, गोहाना



