सर्वसम्मत से हुए चुनाव में इंद्रजीत विरमानी बने पंजाबी महासंघ के नए अध्यक्ष
घोषणा : पंजाबी धर्मशाला के लिए सरकार से जमीन लेना और उसका निर्माण पहली प्राथमिकता

गोहाना :-13 नवम्बर : इंद्रजीत विरमानी ने पंजाबी महासंघ के नए अध्यक्ष के रूप में कहा कि गोहाना में पंजाबी धर्मशाला के लिए सरकार से जमीन लेना और उसका निर्माण करवाना उनकी सबसे पहली प्राथमिकता होगी। पंजाबी महासंघ के सर्वसम्मती से हुए इस चुनाव में इंद्रजीत विरमानी नए अध्यक्ष बनाए गए। वह जहां स्वयं भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं, वहीं उनकी जीवन संगिनी रजनी इंद्रजीत विरमानी गोहाना नगर परिषद की चेयरपर्सन हैं।
पंजाबी महासंघ की स्थापना दस साल पहले सन्नी आहजा ने की थी। तभी से वह पंजाबी महासंघ का सफल नेतृत्व कर रहे थे। उनके मार्गदर्शन में रक्तदान शिविरों का आयोजन, रोहतक रोड के श्मशानघाट का सौन्दर्यीकरण, जरूरतमंद परिवारों में राशन का वितरण जैसे समाजिक कार्य हुए। पंजाबी महासंघ के सदस्य चाहते थे कि गोहाना में पंजाबी धर्मशाला का निर्माण हो । सन्नी आहूजा अपनी व्यापारिक व्यस्तताओं के चलते बाहर रहते हैं, इस कारण वह महासंघ को आगे पर्याप्त समय नहीं दे पाएंगे इसलिए उन्होंने स्वयं पेशकश कर दी थी कि महासंघ का अध्यक्ष पद किसी प्रभावशाली पंजाबी नेता को सौंप दिया जाए जो सरकार के नजदीक हो और वह सरकार से बातचीत कर जमीन की व्यवस्था करा सके और उस पर निर्माण भी करवाने में सक्षम हो ।
इस के लिए महासंघ के सदस्यों के दिमाग में जो नाम सबसे पहले आया वह इंद्रजीत विरमानी का था। दिक्कत यह थी कि विरमानी स्वयं इस के लिए तैयार नहीं थे। उन्हें मनाने का एक अचूक उपाय आजमाया गया। सन्नी आहूजा की अध्यक्षता में हुई पंजाबी महासंघ की मीटिंग में इंद्रजीत विरमानी को बुलाया गया और उनके गले में माला डाल दी गई।
इस पर इंद्रजीत विरमानी से न कहते नहीं बना तथा उन्होंने समाज और भाईचारे के इस आदेश को स्वीकार कर लिया। उन्होंने कहा कि वह शहर की 36 बिरादरी के साझे थे, हैं और रहेंगे। वह समग्र समाज को साथ लेकर चलेंगे। उन्होंने कहा कि पंजाबी बिरादरी ने उन पर जो भरोसा जताया है, वह उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे ।
पंजाबी महासंघ के सदस्यों की भावना का सम्मान करते हुए इंद्रजीत विरमानी ने कहा कि वह शीघ्र महासभा के सदस्यों के साथ पंजाबी धर्मशाला की जमीन के लिए सी. एम. नायब सिंह सैनी से मिलेंगे।
महासंघ की इस बैठक में रमेश परुथी, सुनील राजपाल, प्रवीण खुराना, जीतेंद्र गेरा, महेंद्रपाल गुंबर, रिंकू आहूजा, विक्की बजाज, अमित भटेजा, यश मल्होत्रा, जयेश आहूजा, बंटी हंस, कृष्ण गोपाल चिंदा, वेद प्रकाश मेहता, अनिल आहूजा, पंकज सिंह, रजत कपूर, राजेश थरेजा आदि भी मौजूद रहे।


