सोनीपत निवासी महिला ने एक व्यक्ति पर उसके प्लॉट पर कब्जा करने व उसे जातिसूचक शब्द कहने का आरोप लगाया है। इसको लेकर उसने सदर थाना व सीएम विंडो पर शिकायत दी है, जिस पर पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। सोनीपत शहर निवासी सुमन ने पुलिस को बताया कि उसका एक प्लॉट गोहाना में नई सब्जी मंडी के नजदीक है। प्लॉट की रजिस्ट्री भी उसी के नाम है। आरोप है कि जौली निवासी सोमवीर उसके प्लॉट पर कब्जा करना चाहता है।
वह उसे कहता है कि या तो प्लॉट छोड़ दे या अपनी जान बचा ले। वह उसे और उसके परिवार को जातिसूचक शब्द कहता है। सोमवीर ने उसके प्लॉट पर कब्जा करने के लिए दीवार भी गिरा दी। इसी के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।



