गोहाना :- शहर में रोहतक रोड पर सरकारी नर्सरी के पास पिकअप गाड़ी को रुकवाकर चालक से 11 हजार रुपए छीनने के मामले में शहर थाना की पुलिस ने अनिल उर्फ लीला को गिरफ्तार किया है। वह शहर के पुराना बस स्टैंड क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस ने कोर्ट से एक दिन का रिमांड लिया है।
महेंद्रगढ़ जिले के रसूलपुर गांव निवासी राहुल ने 5 जुलाई को शहर थाना में शिकायत दी थी कि वह पिकअप गाड़ी सामान लादकर पानीपत के इसराना स्थित एनसी कॉलेज गया था। वापस आते समय गोहाना में रोहतक रोड पर सरकारी नर्सरी के पास एक व्यक्ति ने रुकने का इशारा किया। उसने गाड़ी रोकी तो व्यक्ति ने अपनी गाड़ी को उसकी गाड़ी के सामने लगा दिया। कहा कि वह फाइनेंसर है और उसकी गाड़ी की किस्त चेक करनी है। उसके पास आया और पिस्तौल दिखाकर उसके पर्स से 8 हजार रुपए निकाले और उसके बाद तीन हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कराए।



