आजाद हिंद देशभक्त मोर्चा गोहाना में लगाएगा एक लाख पौधे
गोहाना :-14 सितंबर : महापुरुषों और शहीदों की जयंतियां और पुण्यतिथियां मनाने के लिए समर्पित आजाद हिंद देशभक्त मोर्चा एक लाख पौधे लगाएगा। शनिवार को यह घोषणा मोर्चे के मुख्य संरक्षक आजाद सिंह दांगी ने की। पौधारोपण का श्रीगणेश शहर में नेशनल हाईवे 709 के पानीपत बाईपास के निकट स्थित महर्षि कश्यप चौक से किया गया।
पौधारोपण की अध्यक्षता मोर्चे के प्रवक्ता राम निवास पांचाल ने की। नूतन अभियान का श्रीगणेश महर्षि कश्यप चौक में नीम, बरगद और पीपल की त्रिवेणी के साथ किया गया। नीम के कुल 12 नए पौधे रोपे गए। आजाद सिंह दांगी ने कहा कि आज हम जिन पौधों का आनंद ले रहे हैं, उन्हें हमारे पूर्वजों ने रोपा था। उस ऋण से उऋण होने के लिए आवश्यक है कि हम अपने वंशजों को पौधों की सौगात भेंट करने के लिए अभी से पर्याप्त मात्रा में पौधे रोपना प्रारंभ कर दें। राम निवास पांचाल ने कहा कि मोर्चा फलदार और औषधीय पौधे लगाएगा। उनके अनुसार रोपे जाने वाले प्रत्येक पौधे की नियमित रूप से देखभाल करने की ड्यूटी मोर्चे के सदस्यों की रहेगी। पौधारोपण के लिए श्रमदान मनजीत प्रजापति, बिजेंद्र वाल्मीकि, बलजीत सिंह और अमित सैनी ने किया।