गोहाना में शक्ति प्रदर्शन कर डॉ. कपूर सिंह नरवाल ने याद दिलाया अपने लिए किया वायदा, कांग्रेस हाईकमान पर बढ़ाया दबाव, पूर्व सी.एम. के 4 साल पुराने सार्वजनिक वायदे की बरोदा हलके में अग्निपरीक्षा
गोहाना :-1 सितंबर : 4 साल पहले पूर्व सी.एम. भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा सार्वजनिक रूप से किए गए एक वायदे की अब अग्निपरीक्षा होगी । इस वायदे का स्मरण करवाने के लिए रविवार को दिग्गज नेता डॉ. कपूर सिंह नरवाल ने शक्ति परीक्षण किया तथा कांग्रेस हाईकमान पर अपने लिए टिकट का दबाव बढ़ा दिया ।
2008 तक बरोदा हलका रिजर्व था । केवल दलित नेता : चुनाव लड़ सकते थे। परिसीमन के बाद 2009 में पहली बार यह हलका ओपन हुआ। ओपन होते ही डॉ. कपूर सिंह नरवाल ने इंडियन नेशनल लोकदल प्रत्याशी के रूप में प्रथम विधानसभा चुनाव इसी हलके से लड़ा।
2014 में पुन: इनेलो ने डॉ. नरवाल पर ही दांव लगाया। दोनों बार डॉ. नरवाल का सामना कांग्रेस प्रत्याशी श्रीकृष्ण हुड्डा से हुआ। दोनों ही बार डॉ. कपूर सिंह नरवाल ने श्रीकृष्ण हुड्डा को कड़ी टक्कर दी।
2019 में कांग्रेस ने श्रीकृष्ण हुड्डा को ही तीसरा अवसर भी दिया। उन्होंने जीत की हैट्रिक लगाई। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। 12 अप्रैल 2020 को अचानक श्रीकृष्ण हुड्डा का निधन हो गया। इस पर 3 नवंबर 2020 को उपचुनाव हुआ। उस समय डॉ. कपूर सिंह नरवाल भाजपा में थे।
यह लगभग तय था कि भाजपा डॉ. कपूर सिंह नरवाल को प्रत्याशी बनाएगी । केवल औपचारिक घोषणा शेष थी। इसी बीच 13 अक्तूबर 2020 को पूर्व सी.एम. भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने डॉ. कपूर सिंह नरवाल को दिल्ली बुला लिया। डॉ. नरवाल का कहना है कि उन्हें टिकट फाइनल होने की कह कर दिल्ली कॉल किया गया।
डॉ. कपूर सिंह नरवाल ने उसके बाद अपना नामांकन भी दाखिल कर दिया। लेकिन कांग्रेस ने उनकी जगह इंदुराज नरवाल को प्रत्याशी बना दिया। 18 अक्तूबर 2020 की रात को पूर्व सी.एम. भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनके बेटे दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने डॉ. कपूर सिंह नरवाल को रोहतक में बुलाया तथा उन्हें इस वायदे के साथ अपना नामांकन वापस लेने के लिए मना लिया कि 2024 के विधानसभा चुनाव की टिकट कांग्रेस डॉ. कपूर सिंह नरवाल को ही देगी।
19 अक्तूबर 2020 को बाकायदा भूपेंद्र सिंह और दीपेंद्र सिंह हुड्डा गोहाना में डॉ. कपूर सिंह नरवाल के निवास पर पहुंचे। वहां मंच से माइक से भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पब्लिक के सामने डॉ. नरवाल से कमिटमेंट की कि आप नामांकन वापस ले लो 2024 में आप को ही हम चुनाव लड़वाएंगे, तब पार्टी की टिकट आप की ही होगी। उस के बाद डॉ. नरवाल ने अपना नामांकन वापस ले कर कांग्रेस प्रत्याशी इंदुराज नरवाल की भरपूर मदद की। अब 5 अक्तूबर 2024 को होने वाले चुनावी समर के लिए बरोदा हलके से कांग्रेस टिकट के डॉ. कपूर सिंह नरवाल सशक्त दावेदार हैं। रविवार को उन्होंने सहभोज के बहाने से बरोदा हलके को अपने निवास पर इकट्ठा किया। डॉ. नरवाल ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा अपने वायदे पर खरा उतरेंगे। उन्होंने कहा कि हुड्डा जुबान के धनी हैं। डॉ. कपूर सिंह नरवाल ने टिकट न मिलने की सूरत में अपनी रणनीति के पत्ते नहीं खोले । डॉ. कपूर सिंह नरवाल के सहभोज शक्ति परीक्षण से न केवल भूपेंद्र सिंह हुड्डा बल्कि कांग्रेस हाई कमान भी दबाव में आ गया है । डॉ. नरवाल का बरोदा हलके में व्यक्तिगत प्रभाव अच्छा-खासा है तथा दो-दो चुनाव लड़ चुके होने से उनकी बरोदा हलके में गहरी पैठ है।



