बरोदा थाना क्षेत्र के छिछड़ाना गांव में महिला पर दरांती से जानलेवा हमला, गंदे इशारे भी किए, एक पुलिस वाला दे रहा है आरोपियों का साथ
गोहाना :-30 अगस्त : गोहाना उपमंडल के बरोदा थाना क्षेत्र के गांव छिछड़ाना में एक महिला पर दरांती से जानलेवा हमला किया गया। इस दौरान उसके जेठ ने उसे गंदे इशारे भी किए। आरोप है कि जब वह अस्पताल में इलाज करा रही थी तो, वहां कुछ लोगों ने उसकी गर्दन दबोच ली। आरोप है कि पुलिस का एक अधिकारी हमलावरों का साथ दे रहा है। महिला सीधे डीसीपी के पास पहुंची और पूरा मामला बताया। बाद में उसे इलाज के लिए खानपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया । पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
गांव छिछड़ाना की एक महिला ने थाना बरौदा में दी शिकायत मे बताया कि वह सुबह अपने खेतों में गई थी। घर आते हुए रास्ते में उसके जेठ सुभाष व उसकी पत्नी ने उसे गंदी गालियां दी। और सुभाष ने गंदे इशारे किए। इसके बाद वे बाइक भगा कर ले गए। उन्होंने भी स्कूटी पर उनका पीछा किया। शराब के ठेका के पास उसके जेठ ने बाइक रोक दी । इतने में सुभाष की पत्नी ने उस पर दरांती से वार किया। इसके बाद सुभाष ने दोबारा दरांती से हमला किया।
महिला ने बताया कि इस बार दरांती उसके हाथ पर लगी। इस पर उसने डायल 112 पर कॉल कर वारदात की सूचना पुलिस को दी। वह इलाज करवाने के लिए डॉक्टर के पास गोहाना अस्पताल गई। वहां उसका इलाज चल ही रहा था कि बिजेंद्र, महेन्द्र, मुकेश वहां पहुंच गए। उसको वहां भी गालियां दी गई। साथ ही उसकी गर्दन को दबोच लिया। नर्स और वहां पर उपस्थित व्यक्तियों ने उसे छुड़वाया।
महिला ने बताया कि इसके बाद वह गोहाना के डीसीपी के कार्यालय गई और उन्हें पूरी जानकारी दी। उसने डीएसपी को बताया कि उसके मामले में पुलिस का एक अधिकारी सुरेंद्र कार्रवाई नहीं होने दे रहा है। इस पर डीएसपी ने संबंधित थाना पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए।
बरौदा थाना की IO प्रमिला ने बताया कि एम एल आर में महिला को दो चोटें लगी बताई गई हैं। इनमें एक चोट शार्प व दूसरी बलंट है। पुलिस ने धारा 74,115(2), 118,126(2), 3(5) BNS के तहत बरौदा थाना में केस दर्ज किया है। आरोपी फरार हैं। पुलिस जांच कर रही है।