गोहाना में नशे की गोलियां खिला कर नाबालिग से ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए 10 लाख, दो लाख और मांगे, न देने पर दी जान से मारने की धमकी, नाबालिग ने खाया जहर
गोहाना :-22 अगस्त : 17 साल के एक नाबालिग को नशे की गोलियां खिला कर उससे चार आरोपियों ने 10 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। आरोपियों ने और दो लाख मांगे। न मिलने पर जान से मारने की धमकी दी। इस पर नाबालिग ने जहर खा लिया। परिवार ने उसे शहर के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया। पीड़ित परिवार और चारों आरोपी शहर के खटीक मोहल्ले के रहने वाले हैं।
शशि कुमार पुत्र परमानंद का 17 साल का बेटा अर्जुन है। शशि कुमार का बिजनेस के सिलसिले में बाहर आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में उसने पत्नी और बेटे को कह रखा है कि कोई व्यापारी बाहर से आए तो उसके खाते में पेमेंट ऑनलाइन ट्रांसफर कर देना ।
शशि कुमार का आरोप है कि कार्तिक पुत्र अशोक कुमार, अशोक कुमार पुत्र मेघराज, गीता पत्नी अशोक कुमार और साहिल उर्फ परदेसी पुत्र राम प्रसाद बार-बार उसके बेटे अर्जुन से पैसे मांगते थे।
वे रिवाल्वर और चाकू दिखा कर अर्जुन से 9 से 10 लाख रुपए अपने खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर भी करवा चुके थे। आरोपी अर्जुन को नशे की गोलियां ला कर देते थे और उन्हें खिला कर उससे अपने खातों में धन ट्रांसफर करवाते थे।
अर्जुन के पिता ने पुलिस को की लिखित शिकायत में कहा कि 3 दिन पहले आरोपी साहिल ने अर्जुन से और दो लाख रुपए मांगे। न देने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। इससे तंग आ कर अर्जुन ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर उसे एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया।
अर्जुन के पिता के बयान पर पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया। पुलिस मामले की
जांच कर रही है।