राजवीर दहिया ने रक्षाबंधन पर गोहाना में महिला सफाई कर्मचारियों से बंधवाई राखी, सफाई में प्रदेश में प्रथम लाने वाले कर्मियों को तोहफों से लादा
गोहाना :-19 अगस्त : जिन सफाई कर्मचारियों की बदौलत गोहाना शहर लगातार दो साल से सफाई में हरियाणा में नंबर वन बना हुआ है, उन कर्मचारियों को सोमवार को रक्षाबंधन पर्व पर मार्कीट कमेटी के पूर्व चेयरमैन राजवीर सिंह दहिया ने पलकों पर बैठाया। सभी सफाई कर्मचारियों को तोहफे नवाजते हुए उन्होंने महिला सफाई कर्मचारियों से अपनी कलाई पर राखी भी बंधवाई।
सफाई कर्मचारी सम्मान समारोह राजवीर सिंह दहिया के सोनीपत रोड पर स्थित कार्यालय में हुआ राजवीर सिंह दहिया ने कहा कि गोहाना का यह सौभाग्य है कि उसे इतने अच्छे और समर्पित सफाई कर्मचारी मिले हैं कि गोहाना शहर पहले 2022 और फिर 2023 में सफाई की दृष्टि से हरियाणा का नंबर वन शहर सरकारी तौर पर घोषित किया गया । जितनी सफाई गोहाना शहर में है, इतनी सफाई तो प्रदेश के कई बड़े-बड़े शहरों और जिला मुख्यालयों में भी नहीं है ।
राजवीर सिंह दहिया ने उम्मीद जाहिर की कि अपने सफाई कर्मचारियों की मेहनत के बूते पर इस साल भी गोहाना नंबर वन का अपना खिताब कायम रखेगा। उन्होंने प्रत्येक सफाई कर्मचारी को गर्मी में धूप से बचाने के लिए छाता, पीने के पानी के लिए कैंपर तथा घरों में लगाने के लिए वॉल क्लॉक भेंट किए ।



