कर्नल रोहित चौधरी ने गोहाना की डिफेंस कॉलोनी में करी पत्रकार वार्ता
कांग्रेस सब विधानसभा क्षेत्रों में खोलेगी अग्निवीर योजना की पोल
गोहाना :-18 अगस्त : कांग्रेस का पूर्व सैनिक विभाग राज्य के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पहुंचेगा तथा अग्निवीर योजना की पोल खोलेगा । रविवार को यह जानकारी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष कर्नल रोहित चौधरी ने दी। उन्होने कहा कि प्रदेश में सैनिकों के परिवारों के 50 लाख से ज्यादा वोट हैं । कर्नल रोहित चौधरी सहयोगी पदाधिकारियों के साथ रविवार को शहर की डिफेंस कॉलोनी में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने ऐलान किया कि कांग्रेस के पूर्व सैनिक विभाग का कैंप कार्यालय गोहाना में होगा । जब उनसे सवाल किया गया कि यह कैंप कार्यालय गोहाना में ही क्यों, क्या वह यहां से चुनाव लड़ना चाहते हैं, तब कर्नल रोहित चौधरी ने कहा कि टिकट देना या न देना पार्टी हाई कमान का काम है।
कर्नल रोहित चौधरी ने कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या के मामले की कड़ी भर्त्सना की। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की सुरक्षा को सुनिश्चित किया जाना चाहिए तथा कोलकाता की वारदात में जो कोई भी संलिप्त हो, उसे फांसी की सजा होनी चाहिए।
कांग्रेस के पूर्व सैनिक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कच्चे कर्मचारियों को 58 साल की सेवा की गारंटी दे कर राज्य की भाजपा सरकार ने उनके पक्का होने की संभावनाओं पर सदा के लिए पूर्ण विराम लगा दिया है। कच्ची भर्ती और न हटाने की गारंटी की आड़ में एस.सी. और बी.सी. जातियों के आरक्षण को डकार लिया गया है।
कर्नल रोहित चौधरी ने व्यंग्य किया कि हम अपने मन की बात नहीं कहते, हम जनता के मन की बात सुनते हैं ।



