जींद रोड पर बुटाना व नूरनखेड़ा गांव के बीच निर्माणाधीन जम्मू-कटरा हाईवे के पास एक बाइक के सामने अचानक से मजदूर आ गया। इससे बाइक व मजदूर की टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक चालक की गिरने से लगी चोटों के कारण मौत हो गई, जबकि मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। इस पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नूरनखेड़ा गांव निवासी बलविंद्र (31) प्राइवेट नौकरी करता था। इसको लेकर वह शनिवार को गोहाना आया था। देर शाम को वह ड्यूटी पूरी करके वापस गांव जा रहा था। जब देर शाम करीब साढ़े 8 बजे वह बुटाना गांव से निकलकर निर्माणाधीन जम्मू-कटरा हाईवे के पास पहुंचा तो वहां अचानक एक मजदूर बाइक के सामने आ गया। इससे दोनों को गंभीर चोटें आई। इसकी सूचना मिलने पर बुटाना चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी हवलदार सुनील ने बताया कि हादसे में बलविंद्र की मौत हो गई, जबकि मजदूर घायल है। मजदूर राधेश्याम बिहार के दरभंगा का रहने वाला है। वह हाईवे की निर्माण एजेंसी में ट्रैक्टर चलाने का काम करता है।
हादसे के समय वह रोड पार कर रहा था। उसकी भी हालत गंभीर है, जिसका रोहतक स्थित पीजीआई में इलाज चल रहा है। फिलहाल पुलिस ने बलविंद्र के शव को बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



