गोहाना | पंचायत उपचुनाव के अंतर्गत रविवार को कथूरा खंड की दो पंचायतों के वार्डों में पंच पदों के लिए चुनाव हुए।इनमें धनाना गांव में देवेंद्र तो भावड़ कालीरमन में राजरानी एकतरफा मुकाबले में विजेता बनें। कथूरा खंड के 18 पंच पदों के लिए उप चुनाव होना था। इसके लिए 21 से 26 जून तक नामांकन पत्र संबंधित ग्राम पंचायतों में ही भी भरे गए थे। इस प्रक्रिया में केवल 14 पदों पर नामांकन भरे गए थे। चार पदों पर कोई भी नामांकन नहीं आने से रिक्त रह गए। 14 में से 12 पंच केवल एक ही नामांकन पत्र आने से निर्विरोध चुन लिए गए थे और दो पदों के लिए रविवार को चुनाव हुआ। इनमें भावड़ कालीरमन के वार्ड नंबर-5 व धनाना के वार्ड-10 शामिल रहे।
इसके तहत धनाना गांव में वार्ड-10 में 289 मतदाता है। इनमें से 114 मतदाताओं ने मतदान किया, जिनमें से 2 वोट रद्द हो गई। 112 वैध वोटों में से देवेंद्र को 109 वोट और धर्मपाल को 3 वोट मिली। इससे देवेंद्र 106 वोटों से विजेता बने। भावड़ कालीरमन में वार्ड-5 में कुल 305 मतदाता हैं, जिनमें से 112 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें राजरानी को 110 और प्रदीप कुमारी को 2 वोट मिली। इससे राजरानी 108 वोटों से विजेता रहीं। इस दौरान कथूरा के बीडीपीओ अंकुर कुमार ने एसईपीओ सुरेंद्र पूनिया और पटवारी पवन के साथ दोनों गांवों के बूथों का निरीक्षण किया।



