सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार नायब सिंह सैनी सरकार अनुसूचित जातियों के आरक्षण में कोटे में कोटे को करे लागू : लाठ
गोहाना :-3 अगस्त : धानक समाज शिक्षा सभा के अध्यक्ष सुरेश लाठ ने प्रदेश की नायब सिंह सैनी सरकार से मांग की कि वह सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करे तथा जल्दी से जल्दी अनुसूचित जातियों के आरक्षण में कोटे में कोटे को लागू करे ताकि इन जातियों के वंचितों और शोषितों को उनका अधिकार जल्दी से जल्दी मिल सके। सुरेश लाठ गोहाना-ठसका मार्ग पर स्थित संत कबीर आश्रम में हुई सभा की बैठक को संबोधित
कर रहे थे। इस विशेष बैठक में अनुसूचित जातियों के प्रमुख संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे जिन सब ने एक सुर में देश की सुप्रीम कोर्ट का उसके ऐतिहासिक निर्णय के लिए आभार व्यक्त किया ।
रमेश देहराज, सतबीर ठेकेदार, राकेश बागड़ी, वजीर मदीना, मास्टर राजेश कुमार, सुरेंद्र कुमार, नरेंद्र कुमार, विजय कुमार, रूपेंद्र कुमार और राम कुमार ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की सात जजों की फुल-फ्लेज्ड बैंच ने भारत के सभी राज्यों को आदेश दिया है। इस आदेश के अनुरूप प्रदेशों को अब अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जातियों को आरक्षण उद्देश्य के लिए कोटे में कोटे की व्यवस्था करनी होगी। इस आदेश से अब तक वंचित रही अनुसूचित जातियों के लिए नए युग का सूत्रपात होगा।
कप्तान खटक, सुरेश मदीना, विजय बूमरा, संजय कुमार, जगमेंद्र रुखी और कृष्ण सौदा के साथ सभा के अध्यक्ष सुरेश लाठ ने कहा कि हरियाणा ने अच्छे निर्णयों को सबसे पहले लागू करने की पहल हमेशा की है। ऐसे में सी. एम. सैनी को चाहिए कि वह इस बार भी बाजी मारते हुए देश में सबसे पहले कोटे में कोटे को लागू करें।



