खेत में धान की रोपाई करने आए मजदूर से पिस्तौल के बल पर मारपीट करके रुपए छीनने के मामले में शहर थाना की पुलिस टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी आशीष, अर्पित, सन्नी व आदित्य महमूदपुर गांव के रहने वाले हैं।
पुलिस ने चारों को न्यायालय में पेश करके एक दिन के रिमांड पर लिया है। यूपी के पीलीभीत जिले के सुल्तानपुर गांव निवासी नरेंद्र पाल ने 6 जुलाई को शहर थाना में शिकायत दी थी कि वे धान की रोपाई करने के लिए आए हुए हैं। गुरुवार को सुबह करीब 6 बजे वे महमूदपुर रोड पर सोमी के खेत में बने कमरे पर थे। इस दौरान वहां कार सवार चार युवक आए और कहने लगे कि तुम यहां शराब बेचते हो। इस पर उसने मना किया तो एक युवक ने पिस्तौल के बल पर उसकी जेब से 3100 रुपए निकाले और उसके साथ मारपीट की। इस पर पुलिस ने आरोपियों पर केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चारों महमूदपुर गांव के रहने वाले हैं।



