गोहाना की नई अनाज मंडी में फसल रखने के लिए मार्केटिंग बोर्ड बनायेगा एक और नया शेड

गोहाना :-7 जुलाई : गोहाना की नई अनाज मंडी में फसल रखने के लिए मार्केटिंग बोर्ड नया शेड तैयार करेगा। इसके लिए मार्केट कमेटी के अधिकारियों ने प्रस्ताव भेजा था। नए शेड के निर्माण को लेकर मुख्यालय से मंजूरी मिल चुकी है। नया शेड तैयार होने के बाद मंडी में शेड की संख्या 3 हो जाएगी। इससे किसानों को अपनी फसलें उतारने के लिए पर्याप्त स्थान मिल जाएगा। वहीं बरसात से किसानों की फसलें भी सुरक्षित रहेंगी।
शहर की नई अनाज मंडी प्रदेश की बड़ी अनाज मंडियों में शामिल है। मंडी में मुख्यत धान और गेहूं की आवक अधिक होती है। दोनों ही फसलों की आवक लाखों क्विंटल में है। फसल की बरसात से सुरक्षा के लिए मार्केटिंग बोर्ड ने मंडी में तीन शेड तैयार किए थे। दो वर्ष पहले बरसात व तेज हवा के कारण नई सब्जी मंडी में दो शेड गिर गए थे।
इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे। इस घटना के बाद सरकार से सभी मंडियों में हर शेड की मजबूती का सर्वे कराया था। नई अनाज मंडी में मुरथल के इंजीनियरिंग कॉलेज की टीम ने शेड का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान अनाज मंडी का एक शेड असुरक्षित मिला था।
शेड असुरक्षित होने पर मार्केट कमेटी के अधिकारियों ने बीते वर्ष शेड को हटवा दिया। अब मंडी में फसल रखने के लिए केवल दो शेड बचे हैं। फसल की आवक की तुलना में दो शेड पर्याप्त नहीं हैं। फसलों की सुरक्षा के लिए मार्केट कमेटी तीसरा नया शेड तैयार करेंगे।
अधिकारी तय करेंगे प्लेटफॉर्म नए शेड के निर्माण को लेकर अधिकारियों ने स्थान चिह्नित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। हालांकि तय नहीं हुआ है कि नया शेड किस प्लेटफॉर्म पर बनाया जाएगा। इस संबंध में मार्केट कमेटी अधिकारी ही नए शेड के लिए स्थान का चयन करेंगे। स्थान के चयन के आधार पर ही शेड का आकार निर्भर करेगा।
^नई अनाज मंडी में किसानों की फसलें रखने के लिए नया शेड तैयार किया जाएगा। नए शेड तैयार करने के लिए मुख्यालय से मंजूरी मिल चुकी है। जल्द ही अन्य औपचारिकताएं पूरी कर शेड का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। जितेंद्र सैन, सचिव, मार्केट कमेटी, गोहाना
