गोहाना की पहली देहदाता की 5वीं पुण्यतिथि पर लगेगा रक्तदान शिविर
गोहाना :-2 जुलाई : क्षेत्र की सबसे पहली देहदाता भागवंती गंगनेजा की 5वीं पुण्यतिथि पर 5 जुलाई को शहर में मुगलपुरा स्थित पंजाबी रामलीला मैदान में रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। इस शिविर में रक्त के संकलन के लिए रोहतक के पी.जी.आई. अस्पताल के रक्त बैंक की टीम आएगी।
पुरानी अनाज मंडी स्थित रेलवे कॉलोनी निवासी भागवंती गंगनेजा पत्नी स्व. रामलाल गंगनेजा का निधन 5 जुलाई 2019 को हुआ था। उनके परिवार ने उनका देहदान करवाया था तथा वह गोहाना अंचल की सर्वप्रथम देहदाता बनी थीं।
उनकी पुण्यतिथि पर लगने वाले रक्तदान शिविर के लिए सानिध्य सोमनाथ गंगनेजा, महेंद्रपाल गंगनेजा और राजेंद्र गंगनेजा का रहा। 226 बार रक्तदान कर चुके स्टार रक्तदाता सुरेंद्र विश्वास स्व. भागवंती गंगनेजा के छोटे बेटे हैं। सुरेंद्र विश्वास ने अपनी मां भागवंती और पिता राम लाल के नामों के प्रथम शब्दों से भागराम ट्रस्ट बनाया जो हर सोमवार को भगवान परशुराम चौक में रक्तदान शिविर लगाता है।



