गोहाना पुलिस जिले के डी.सी.पी. ने पत्रकार वार्ता में किया दावा : एच.ए.पी. के नाकों से गोहाना में घटे अपराध
पुलिस या नगर परिषद को फंड ट्रांसफर होते ही लग जाएंगे सी.सी.टी.वी. कैमरे

गोहाना :-2 जुलाई : गोहाना शहर में सांसद निधि से सी.सी.टी.वी. कैमरे लगने हैं। इसके लिए जैसे ही डी.सी. कार्यालय से फंड का ट्रांसफर पुलिस या नगर परिषद को होगा, ये कैमरे शहर में लगा दिए जाएंगे। मंगलवार को यह जानकारी गोहाना पुलिस जिले के डी.सी.पी. रवींद्र सिंह तोमर ने दी ।
उन्होंने दावा किया कि एच. ए.पी. की प्राप्त एक कम्पनी से गोहाना शहर में जो नाके लगे हैं, उनकी बदौलत अपराध घट गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाहें फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डी.सी.पी. रवींद्र सिंह तोमर लघु सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उनके अनुसार गोहाना की बेहतर कानून और व्यवस्था की स्थिति के लिए आला अधिकारियों से अतिरिक्त फोर्स की मांग की गई थी। इस पर हरियाणा आर्ल्ड पुलिस (एच.ए.पी.) की एक कंपनी गोहाना के लिए उपलब्ध करवा दी गई । उसी फोर्स से शहर में नाकों में संख्या में वृद्धि की गई है। डी.सी.पी. ने कहा कि गोहाना में एक ही सड़क पर ज्यादातर सरकारी दफ्तर, अनाज मंडी, दुकानें और घर हैं। जगह-जगह नाके लगाने के पॉजिटिव रिजल्ट मिले हैं तथा अपराध पर लगाम लगी है । ये नाके लगने के बाद जहां नशे पर रोक में मदद मिली है, वहीं स्नैचिंग के साथ बाइकों की चोरियां और घरों में होने वाली चोरियां बंद हुई हैं। इसी तरह से फसल सीजन में किसानों से होने वाली लूटपाट भी रुकी है। ग्रामीण अंचल में भी निगरानी बढ़ाई गई है।
डी.सी.पी. के अनुसार मातूराम हलवाई की दुकान पर फायरिंग करने वाले सब आरोपी पकड़े जा चुके हैं, वे सब अब जेल में हैं। उन्होंने कहा कि अफवाहें फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उनके अनुसार कोई भी सूचना हो, डॉयल 112 पर दी जा सकती है।
रवींद्र सिंह तोमर ने साफ कहा कि पुलिस कोई रेवेन्यू-जेनरेटिड एजेंसी नहीं है। उनके अनुसार वाहनों के चालान केवल जागरूकता फैलाने के लिए किए जा रहे हैं कि ड्राइविंग करते समय जान को जोखिम में न डालें, हेल्मेट का प्रयोग करें, सीट बेल्ट लगाएं और अपनी लेन में ड्राइव करें डी.सी.पी. तोमर का कहना है कि सोमवार से लागू नए कानूनों के लिए पहले ही मॉक ड्रिल कर ली गई थी।
