गोहाना बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष का सुझाव : बाहर से बंदर छोड़ कर जाने वालों की भी हो निगरानी,
प्रत्येक वार्ड में लंगूरों की व्यवस्था करे नगर परिषद : शर्मा

गोहाना :-30 जून : गोहाना बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष और शहर की नगर परिषद के पूर्व पार्षद एडवोकेट वेद प्रकाश शर्मा ने मांग की कि नगर परिषद शहर के सब 23 वार्डों में लंगूरों की व्यवस्था करे ताकि नागरिकों को बंदरों के प्रकोप और आतंक से मुक्ति मिल सके। उन्होंने नियमित निगरानी करने पर भी जोर दिया कि बाहर के लोग ट्रैक्टर-ट्रालियों में भरकर अपने बंदर गोहाना शहर में न छोड़ कर जा सकें ।
एडवोकेट वेद प्रकाश शर्मा ने कहा कि सब वार्डों में इस समय बंदरों का आतंक चरम पर है। बंदरों ने आम आदमी का जीना मुहाल कर रखा है। नगर परिषद कभी-कभार बंदर पकड़वाती है। लेकिन बाहर के लोग ट्रैक्टर-ट्रालियों में भरकर अपने बंदर गोहाना शहर में छोड़ जाते हैं। नगर परिषद को सुनिश्चित करना चाहिए कि बाहर के लोग बंदरों को शहर में छोड़ कर न जाएं। ऐसे लोगों को रंगे हाथों पकड़ने के लिए नगर परिषद को अपने कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगानी चाहिए ।
बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट शर्मा ने कहा कि बंदरों को पकड़वाने से बेहतर निदान है वार्ड स्तर पर लंगूरों की व्यवस्था। जहां लंगूर होते हैं, वहां बंदर खुद ही उस एरिया को छोड़ कर भाग जाते हैं। बंदर एक वार्ड से दूसरे वार्ड में न जा सकें, इस के लिए जरूरी है कि प्रत्येक वार्ड में लंगूर हों।लंगूरों को खरीदना बंदरों को महंगे दामों पर पकड़वाने से बहुत ज्यादा किफायती रहेगा। शर्मा ने कहा कि लंगूरों की देखभाल और उनके लिए खाने-पीने की व्यवस्था की जिम्मेदारी सम्बद्ध वार्ड के पार्षद की होनी चाहिए। इस कार्य में बंदरों के दहशत से परेशान नागरिक भी आसानी से सहायता करने के लिए तैयार हो जाएंगे।



