गोहाना :- भैंसवाल कलां गांव में चोर एक घर का ताला तोड़कर 83 हजार रुपए चोरी कर ले गए। घटना के समय महिला अपने बेटे-बहू से मिलने दिल्ली गई थी। इस पर बेटे ने गांव में आकर घर संभाला तो ताला टूटा मिला और अलमारी से रुपए व गहने गायब मिले। इसको लेकर उसने सदर थाना में शिकायत दी। भैंसवाल कलां गांव निवासी विकास ने पुलिस को बताया कि वह पानीपत स्थित सरकारी अस्पताल में नौकरी करता है। उसकी पत्नी अनीता दिल्ली के आईएचबीएएस अस्पताल में नौकरी करती है।
इसके चलते वह और उसकी पत्नी दिल्ली में ही किराए के मकान में रहते हैं, जबकि उसकी मां गांव वाले घर में अकेली रहती है। वह तीन दिन पहले उनके पास दिल्ली मिलने गई थी। इस दौरान वह गुरुवार को ड्यूटी से अपने गांव स्थित घर को संभालने आया था। जब वह घर पर पहुंचा तो ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ था। विकास के अनुसार चोर 5-6 जुलाई की रात को ताला तोड़कर नकदी व गहने चोरी कर ले गए।
बहन की शादी में आए कन्यादान के थे 83 हजार रुपए : विकास के अनुसार चोर उसके घर से 83 हजार रुपए नकद, एक चेन, तीन अंगूठी, एक जोड़ी कानों की बाल चोरी कर ले गए। उसके अनुसार 83 हजार रुपए नकद उसकी बहन की शादी में आए कन्यादान के थे, जो घर में ही रखे हुए थे। उसकी बहन की शादी इसी साल अप्रैल में हुई थी। ऐसे में पुलिस ने चोरों का पता लगाने के लिए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों का पता लगा उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



